A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs WI: फ्लोरिडा की पिच पर आखिरी गेंद तक लड़ी टीम धोनी, 1 रन से मिली हार

IND vs WI: फ्लोरिडा की पिच पर आखिरी गेंद तक लड़ी टीम धोनी, 1 रन से मिली हार

फ्लोरि़डा में खेले गए पहले टी-20 मैच के रोमांचक मुकाबले वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को एक रन से हरा दिया। लोकेश राहुल के शानदार शतक और धोनी की धमाकेदार पारी भी भारत को जीत नहीं दिला सकी।

dhoni- India TV Hindi
dhoni

नई दिल्ली: फ्लोरि़डा में खेले गए पहले टी-20 मैच के रोमांचक मुकाबले वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को एक रन से हरा दिया। लोकेश राहुल के शानदार शतक और धोनी की धमाकेदार पारी भी भारत को जीत नहीं दिला सकी। पारी की आखिरी गेंद पर जीत के लिए दो रन बनाने थे लेकिन धोनी लंबा शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। वेस्टइंडीज के 245 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 4 विकेट खोकर 244 रन ही बना सकी। 

इससे पहले धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। इविन लेविस के 100 रन और चार्ल्स के धमाकेदार 79 रन की बदौलत वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 245 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज को मजबूत शुरुआत दी। स्टुअर्ट बिन्नी के एक ओवर में लेविस ने एक के बाद एक 5 छक्के लगा दिए। भारत के लिए जडेजा और बुमराह ने 2-2 तो वहीं शमी ने 1 विकेट लिया। स्टुअर्ट बिन्नी सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। वेस्टइंडीज की इनिंग में कुल 21 छक्के लगे, जो कि अपने आप में रिकॉर्ड है।

टीम इंडिया की शुरुआत ठीक नहीं रही। तीसरे ओवर में अजिंक्य रहाणे केवल 7 रन बनाकर आउट हो गए। रसेल की गेंद पर ब्रावो ने उनका कैच लपका। विराट कोहली भी अपना जौहर नहीं दिखा सके। पांचवें ओवर में 16 रन के स्कोर पर कोहली ब्रावो का शिकार बने। रोहित शर्मा 28 गेंदों पर 62 रन बनाकर आउट हुए। लोकेश राहुल ने 51 गेंदों पर 110 रन बनाकर नॉट आउट रहे। कप्तान धोनी ने 43 रन बनाए।

यह पहला मौका था जब भारतीय टीम ने अमेरिका की धरती पर कोई क्रिकेट मैच खेला है। हालांकि वेस्ट-इंडीज की टीम अमेरिका में मैच खेल चुकी है। आपको बता दें अमेरिका में अब तक चार अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले जा चुके हैं।

टीम-

भारत:  एमएस धोनी (कप्तान), आर अश्विन, स्टुअर्ट बिन्नी, जेजे बुमरा, आरए जडेजा, विराट कोहली, बी कुमार, मोहम्मद सामी, ए एम राहणे, केएल राहुल और आरजी शर्मा।

वेस्टइंडीज:

सीआर ब्रेथवेट (कप्तान), ए बद्री, डीजे ब्रावो, जे चार्ल्स, एडीएस फ्लेचर, ई लेविस, एसपी नरेन. केए पोलार्ड, एड्र्यू रसेल, एमएन सैमुअल्स और एलएमपी सिमंस।

Latest Cricket News