भारत की नज़र नंबर वन टेस्ट रैंकिंग और शानदार जीत पर
पोर्ट आफ स्पेन: दो शानदार जीत के साथ श्रृंखला अपने नाम करके आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम कल से शुरू हो रहे चौथे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के जरिये 3-0 से वेस्टइंडीज का सफाया करके

पोर्ट आफ स्पेन: दो शानदार जीत के साथ श्रृंखला अपने नाम करके आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम कल से शुरू हो रहे चौथे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के जरिये 3-0 से वेस्टइंडीज का सफाया करके नंबर वन की टेस्ट रैंकिंग फिर हासिल करना चाहेगी। चार मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढत बनाने वाली भारतीय टीम ने तीसरा टेस्ट 237 रन से जीता था। विराट कोहली और उनकी टीम चौथा टेस्ट इसी अंदाज में जीतकर आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज होना चाहेगी। यह मैच ड्रा रहने पर आस्ट्रेलिया शीर्ष पर बरकरार रहेगा जबकि पाकिस्तान से सिरीज़ 2-2 से ड्रा होने के बाद इंग्लैंड रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज है।
पुजारा की जगह ले सकते हैं मुरली
कप्तान कोहली ने साफ कर दिया कि पांचवें नंबर पर रोहित शर्मा उतरेंगे और वह तीसरे नंबर पर उतरेंगे। शिखर धवन ने पहले टेस्ट में 84 रन बनाने के बाद कोई योगदान नहीं दिया है। देखना यह है कि पिछले मैच से बाहर रहे मुरली विजय की अंतिम एकादश में वापसी होती है या नहीं। बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने पहले ही कहा था कि विजय अंगूठे की चोट से उबर चुका है। उनके खेलने पर चेतेश्वर पुजारा को बाहर रहना पड़ सकता है। गेंदबाजी में भी बदलाव संभव है। सत्र लंबा होने के कारण भारत को 13 और टेस्ट खेलने है लिहाजा ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी का कार्यभार कम करना होगा। उमेश यादव या शरदुल ठाकुर को मौका दिया जा सकता है बशर्ते कोहली का प्रयोग करने का इरादा हो।
अश्विन, शमी हैं मैन आफ द सीरीज पुरस्कार के दावेदार
भारत के लिये श्रृंखला में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रविचंद्रन अश्विन ने किया जो फिलहाल हरफनमौलाओं की टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। दो शतक और दो बार पांच विकेट ले चुके अश्विन ने 235 रन बनाये हैं और 16 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने दोनों बार कठिन हालात में रन बनाये और जरूरत के समय विकेट लिये। अश्विन अगर मैन आफ द सीरीज पुरस्कार के सबसे प्रबल दावेदार हैं तो मोहम्मद शमी का प्रदर्शन भी अनदेखा नहीं किया जा सकता जिन्होंने घुटने की चोट के कारण डेढ साल बाहर रहने के बाद वापसी की है। तीन मैचों में 11 विकेट लेने वाले शमी नयी और पुरानी गेंद से काफी प्रभावी रहे। उन्होंने वेस्टइंडीज के सबसे अनुभवी टेस्ट बल्लेबाजों मर्लोन सैमुअल्स और डेरेन ब्रावो को परेशान किया।
नंबर वन रैंकिंग के लिए होना पड़ेगा आक्रामक
बल्लेबाजों में सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (236 रन) ने एक शतक और अर्धशतक बनाया जबकि अजिंक्य रहाणे एक शतक और एक अर्धशतक के साथ 243 रन बना चुके हैं। कप्तान कोहली ने 251 रन बनाये लेकिन इसमें पहले टेस्ट में बनाया दोहरा शतक शामिल है। भारतीय टीम को अगर नंबर वन की रैंकिंग हासिल करनी है तो उसे और आक्रामक प्रदर्शन करना होगा जो इस श्रृंखला में सेंट लूसिया में चौथे और पांचवें दिन को छोड़कर नजर नहीं आया।
मेज़बान की इज़्ज़त दांव पर
दूसरी ओर वेस्टइंडीज टीम एक बार फिर आसानी से घुटने टेकने से बचना चाहेगी। जमैका में रोस्टन चेस के शतक के बाद मेजबान के लिये हालात अच्छे नजर आने लगे जब उन्होंने तीसरे टेस्ट में पहली पारी में भारत के पांच विकेट 130 रन पर उखाड़ दिये थे। इसके बाद अनुभवहीनता के चलते गेंदबाजों ने मैच गंवा दिया। अब आखिरी मैच में मेजबान कड़ी चुनौती देना चाहेगा और एक बार फिर उम्मीदें डेरेन ब्रावो और मर्लोन सैमुअल्स पर टिकी होंगी। पिछली हार के बावजूद टीम में बदलाव की संभावना नहीं दिखती।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, शिखर धवन, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, रिधिमान साहा, आर अश्विन, अमित मिश्रा, रविंद्र जडेजा, स्टुअर्ट बिन्नी, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, शरदुल ठाकुर, उमेश यादव , ईशांत शर्मा।
वेस्टइंडीज: जैसन होल्डर (कप्तान), क्रेग ब्रेथवेट, शाइ होप, डेरेन ब्रावो, मर्लोन सैमुअल्स, जरमेइन ब्लैकवुड, रोस्टन चेस, लियोन जानसन, शेन डोरिच, देवेंद्र बिशू, कार्लोस ब्रेथवेट, शेनोन गैब्रियल, मिगुल कमिंस, अलजारी जोसेफ।
मैच का समय: शाम 7:30 बजे।