राजकोट: कप्तान विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेलने के लिये सुबह यहां पहुंची जो खांधेरी में सौराष्ट्र क्रिकेट संघ (एससीए) के स्टेडियम में नौ नवंबर से शुरू होगा।
एससीए के मीडिया मैनेजर हिमांशु शाह ने कहा कि गौतम गंभीर, इशांत शर्मा, जयंत यादव और अमित मिश्रा करीब 8.25 मिनट पर कोहली और अन्य टीम सदस्यों के साथ यहां पहुंचे।
शाह ने कहा कि स्थानीय खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा और रविंद्र जडेजा टीम से जुड़ गये हैं जबकि हार्दिक पंड्या सड़क मार्ग से पहुंचेंगे और कुछ घंटे में टीम से जुड़ेंगे।
आज 28 वर्ष के होने वाले कोहली के यहां होटल इम्पीरियल में अपना जन्मदिन मनाने की संभावना है जहां भारतीय टीम ठहरी है। शाह ने कहा कि बालीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी कोहली के साथ आयी हैं। भारतीय कप्तान अभिनेत्री के साथ सीधे होटल पहुंच गये।
काफी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक केक और गिफ्ट के साथ राजकोट हवाईअड्डे पर इकट्ठे हुए थे।
Latest Cricket News