1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय बोर्ड अध्यक्ष-11 ने द. अफ्रीका के साथ खेला ड्रॉ

भारतीय बोर्ड अध्यक्ष-11 ने द. अफ्रीका के साथ खेला ड्रॉ

टीम के बाकी बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की और  के.एस. भरत ने 71 रन बनाए।

Rohit Sharma- India TV Hindi
Image Source : GETTY IMAGES Rohit Sharma

विजयनगरम। भारतीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां खेला गया तीन दिवसीय अभ्यास मैच ड्रॉ रहा। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी छह विकेट के नुकसान पर 279 रनों पर घोषित कर दी थी। भारतीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश ने मैच के तीसरे एवं आखिरी दिन आठ विकेट के नुकसान पर 265 रन बना मैच ड्रॉ करा लिया।

तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज टीम में शामिल किए गए रोहित शर्मा के लिए यह अभ्यास मैच लय हासिल करने का अच्छा मौका था लेकिन वह दो गेंद में बिना कोई रन बनाए वार्नोन फिलेंडर का शिकार हो गए।

टीम के बाकी बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की। के.एस. भरत ने 71 रन बनाए। टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे भरत ने 57 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्के लगाए।

प्रियांक पांचाल ने 77 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से 60 रनों का योगदान दिया। सिद्देश लाड 89 गेंदों पर 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौकों कें अलावा एक छक्का मारा।

पहला दिन बारिश के कारण धुल गया था। मेहमान टीम ने दूसरे दिन का अंत पांच विकेट के नुकसान पर 199 रनों के साथ किया। तीसरे दिन मेहमान टीम ने अपने खाते में 80 रनों का इजाफा किया और अपनी पारी घोषित कर दी।

टेम्बा बावुमा 87 रनों पर नाबाद लौटे। फिलेंडर ने 48 रनों की पारी खेली।

Latest Cricket News