A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: दिल्ली डेयरडेविल्स ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट को 7 रन से हराया

IPL 2017: दिल्ली डेयरडेविल्स ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट को 7 रन से हराया

दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपने घर में शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के 52वें मैच में शुक्रवार को राइजिंग पुणे सुपरजाएंट को रोमांचक मुकाबले में सात रनों से हरा दिया।

cricket- India TV Hindi
Image Source : PTI cricket

नई दिल्ली: दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपने घर में शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के 52वें मैच में शुक्रवार को राइजिंग पुणे सुपरजाएंट को रोमांचक मुकाबले में सात रनों से हरा दिया। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए करुण नायर की 64 रनों का पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 168 रन बनाए थे। पुणे की टीम काफी प्रयास के बावजूद 20 ओवर खेलने के बाद सात विकेट खोकर 161 रन ही बना सकी।

आखिरी ओवर में उसे 25 रन की जरूरत थी, मनोज तिवारी (60) ने इस ओवर में दो छक्के और एक चौका मार पुणे को जीत दिलाने की भरपूर कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सके। आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने उन्हें बोल्ड किया। उन्होंने 45 गेंदें खेलीं और पांच चौके तथा तीन छक्के लगाए। इस जीत के बाद अब पुणे को प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए रविवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ होने वाले मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

इससे पहले करुण नायर (64) की अर्धशतकीय पारी के दम पर दिल्ली डेयरडेविल्स ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के सामने 169 रनों का लक्ष्य रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान दिल्ली ने अपने घर फिरोज शाह कोटला मैदान पर निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 168 रन बनाए।

दिल्ली की शुरूआत खराब रही। संजू सैमसन (2) और पिछले मैच के हीरो श्रेयस अय्यर (3) नौ के कुल स्कोर तक ही पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद ऋषभ पंत ने नायर का अच्छा साथ दिया और तीसरे विकेट के लिए 6.4 ओवरों में 11.10 की औसत से 74 रनों की साझेदारी की। चौथा ओवर लेकर आए वॉशिंगटन सुंदर के ओवर में पंत ने एक छक्का और नायर ने दो चौके जड़े। अगला ओवर लेकर आए बेन स्टोक्स के ओवर में नायर ने तीन चौके मारे।

यहां से इन दोनों ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की उसे कायम रखा और पुणे के गेंदबाजों पर लगातार बड़े शॉट खेलते रहे। नौवां ओवर लेकर आए एडम जाम्पा की पहली गेंद पर पंत ने चौका मारा और फिर चौथी गेंद पर मिडविकेट पर छक्का लेकिन अगली ही गेंद पर एक और बड़ा शॉट मारने के प्रयास में वह डेनियल क्रिस्टियन के हाथों लपके गए। पंत ने 22 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 36 रन बनाए।

पंत के जाने के बाद आए मार्लन सैमुएल्स जब लय में आते नजर आ रहे थे तभी 27 रनों के निजी स्कोर पर डेनियल क्रिस्टियन की गेंद पर धौनी ने उनका शानदार कैच पकड़ा। सैमुएल्स ने 21 गेदों में दो छक्के और एक चौका लगाया। कोरी एंडरसन (3) कुछ कर पाते इससे पहले ही धौनी ने सुंदर की गेंद पर पलक झपकते ही उनकी गिल्लियां बिखेरीं। इसी ओवर में एक गेंद बाद नायर ने अपने पचास रन पूरे किए, जिसके लिए उन्होंने 37 गेंदें खेलीं। यह नायर का इस आईपील में पहला अर्धशतक है। एक छक्के की मदद से छह गेंदों में 11 रन बनाने वाले पैट कमिंस को स्टोक्स ने बोल्ड किया। वह 140 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।

नायर को स्टोक्स ने 162 के कुल स्कोर पर आउट किया। बड़ा शॉट खेलने गए नायर के बल्ले का गेंद ने ऊपरी किनारा लिया और उनादकट ने पीछे भागते हुए उनका शानदार कैच पकड़ा। नायर ने 45 गेंदों में नौ चौकों की मदद से शानदार पारी खेली। मोहम्मा शमी ने दो रन बनाए। अमित मिश्रा 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। पुणे की ओर से जयदेव उनादकट और बेन स्टोक्स ने दो-दो विकेट लिए जबकि एडम जाम्पा, वाशिंगटन सुंदर और डेनियल क्रिस्टीयन को एक-एक सफलत मिली।

Latest Cricket News