कानपुर: कप्तान डेविड वॉर्नर (69 नॉटआउट) और विजय शंकर (63 नॉटआउट) की शानदार पारियों के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने शनिवार को IPL 10 के 53वें मैच में गुजरात लांयस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के सामने 155 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे हैदराबाद ने 18.1 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही हैदराबाद ने प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है।
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदरबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने अपने पहले 2 विकेट सिर्फ 25 रनों पर ही खो दिए थे, लेकिन इसके बाद वॉर्नर और शंकर ने तीसरे विकेट के लिए 133 रनों की अटूट साझेदारी करके अपनी टीम को जीत दिला दी। हैदराबाद की तरफ से आउट होने वाले 2 बल्लेबाज शिखर धवन (18) और मोइजेज हेनरिक्स (4) रहे। इन दोनों को गुजरात के गेंदबाज प्रवीण कुमार ने आउट किया। टीम के अन्य गेंदबाज विकेट लेने में नाकाम साबित हुए।
इससे पहले ईशान किशन (61) और ड्वेन स्मिथ (54) से मिली शानदार शुरुआत का फायदा गुजरात लायंस के शेष बल्लेबाज नहीं उठा सके थे और पूरी टीम 19.2 ओवरों में 154 रनों पर ही ढेर हो गई। स्मिथ और किशन ने 10.5 ओवरों में 10.24 की औसत से पहले विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी की थी। अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान ने स्मिथ को LBW कर हैदराबाद को पहली सफलता दिलाई। इस जोड़ी के टूटने के बाद हैदराबाद की टीम कुल स्कोर में मात्र 43 रन ही जोड़ पाई। किशन की पारी का अंत मोहम्मद सिराज ने किया। किशन के आउट होने के बाद गुजरात की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम ने इसी स्कोर पर कप्तान सुरेश रैना (2) और दिनेश कार्तिक (0) के 2 बड़े विकेट गंवा दिए।
राशिद ने एरॉन फिंच (2) को 123 के कुल स्कोर पर बोल्ड कर गुजरात को परेशानी में डाल दिया। विकेट गिरने का सिलसिला रुका नहीं और पूरी टीम आखिरी ओवर की दूसरी गेंद तक पवेलियन लौट गई। रवींद्र जडेजा 20 रनों पर नाबाद रहे। हैदराबाद के लिए सिराज ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। राशिद को 3 सफलताएं मिली। भुवनेश्वर कुमार को 2 और सिद्धार्थ कौल को एक विकेट मिला।
Latest Cricket News