1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: युवराज के अर्धशतक से सनराइजर्स के तीन विकेट पर 185 रन

IPL 2017: युवराज के अर्धशतक से सनराइजर्स के तीन विकेट पर 185 रन

फार्म में लौटे युवराज सिंह के नाबाद अर्धशतक की मदद से गत चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ आईपीएल के मैच में तीन विकेट पर 185 रन बनाये।

Yuvi- India TV Hindi
Yuvi

नयी दिल्ली: फार्म में लौटे युवराज सिंह के नाबाद अर्धशतक की मदद से गत चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ आईपीएल के मैच में तीन विकेट पर 185 रन बनाये। 

पहले मैच में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक (23 गेंद) लगाने के बाद कोई कमाल नहीं कर सके युवराज ने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कुछ बेहतरीन शाट लगाये। किस्मत ने भी उनका साथ दिया। उन्हें 17वें ओवर में क्रिस मौरिस की गेंद पर संजू सैमसन ने डीप स्क्वेयर लेग सीमा पर जीवनदान दिया जिसका पूरा फायदा उठाते हुए युवराज ने सिर्फ 41 गेंद में 70 रन बनाये जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था। आखिरी ओवर में उन्होंने कागिसो रबाडा को तीन चौके लगाकर कुल 19 रन लिये। 

सनराइजर्स ने आखिरी तीन ओवर में 52 रन बनाये। युवराज और मोइजेस हेनरिक्स ने चौथे विकेट की अटूट साझेदारी में 52 गेंद में 93 रन बनाये। हेनरिक्स 18 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की फील्डिंग आज बहुत खराब रही और कई रन फालतू देने के साथ खिलाडि़यों ने कैच भी टपकाये। 

इससे पहले सनराइजर्स की शुरूआत काफी आक्रामक रही और पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 59 गेंद में नाबाद 126 रन बनाने वाले डेविड वार्नर ने उसी लय को कायम रखा । शाहबाज नदीम की जगह खेल रहे जयंत यादव ने दिल्ली के लिये गेंदबाजी की शुरूआत की और पहले ओवर में वार्नर ने उन्हें चौका जड़ा । दूसरे ओवर में कागिसो रबाडा को वार्नर और धवन दोनों ने चौके जड़े । 

वार्नर ने जयंत को भी नही बख्शा और तीसरे ओवर में डीप में उसे पहला छक्का लगाया । अगले ओवर में गेंदबाजी में फिर बदलाव करके क्रिस मौरिस को गेंद सौंपी गई लेकिन धवन ने उसके इस ओवर में दो चौके और एक छक्के समेत 15 रन निकाले । दिल्ली के 50 रन 31 गेंद में बन गए । 

दोनों बल्लेबाजों को क्रीज पर जमते देखकर दिल्ली के कप्तान नायर ने छठे ओवर में मोहम्मद शमी को गेंद सौंपी जिसे वार्नर ने पहली गेंद पर ही चौका जड़ा । अगली गेंद पर हालांकि शमी ने शानदार यार्कर पर उसे बोल्ड करके दिल्ली को बड़ी सफलता दिलाई । वार्नर ने 21 गेंद में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाये । उनके आउट होने के बाद रनगति पर कुछ अंकुश लगा । लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने अपने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर धवन का विकेट लेकर मेजबान को दूसरी सफलता दिलाई । उंचा शाट खेलने के प्रयास में धवन चूके और डीप स्क्वेयर लेग सीमा पर श्रेयस अयर ने कैच लपका । धवन ने 17 गेंद में 28 रन बनाये जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था । 

दिल्ली का दूसरा विकेट 75 रन के स्कोर पर दसवें ओवर में गिरा । एक अर्धशतकीय पारी को छोड़कर टूर्नामेंट में कोई कमाल नहीं कर सके युवराज सिंह दसवें ओवर में मैदान पर उतरे । उन्होंने और केन विलियमसन ने संभलकर खेलते हुए रन बनाये कोई कोई जोखिम भरा शाट नहीं खेला । युवराज ने पहला चौका 14 गेंद खेलने के बाद लगाया । यह साझेदारी हालांकि टिक नहीं सकी और शमी ने 12वें ओवर में विलियमसन के रूप में दूसरा विकेट लिया । बाउंसर पर चकमा देकर उन्होंने उंचा शाट खेलने पर मजबूर किया और डीप स्क्वेयर लेग पर क्रिस मौरिस ने कैच लपक लिया । 

इसके बाद युवराज और हेनरिक्स ने चौथे विकेट के लिये 93 रन की अटूट साझेदारी करके सनराइजर्स को बड़े स्कोर तक पहुंचाया । दिल्ली के लिये मोहम्मद शमी ने चार ओवर में 36 रन देकर दो विकेट लिये । मिश्रा ने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया जबकि बाकी सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए ।  

Latest Cricket News