बेंगलूरू: अक्षर पटेल के 17 गेंद में 38 रन की मदद से किंग्स इलेवन पंजाब ने इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में कठिन पिच पर रायल चैलेंजर्स बेंगलूरू के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने सात विकेट पर 138 रन बनाये ।
अक्षर ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाये और शेन वाटसन के फेंके 20वें ओवर में 19 रन लिये । इससे पंजाब की टीम 140 रन के पास पहुंची जो 19वें ओवर में असंभव लग रहा था ।
चिन्नास्वामी स्टेडियम की धीमी पिच पर अक्षर को छोड़कर पंजाब का कोई बल्लेबाज सहज नहीं दिखा । मनन वोहरा ने 28 गेंद में 25 रन बनाये ।
भारत के टेस्ट विकेटकीपर रिधिमान साहा ने 25 गेंद में 21 रन बनाये । वह पूरे आईपीएल में खराब फार्म में नजर आये और यहां भी टेस्ट की तरह पारी खेली ।
आरसीबी को पहले ओवर में अनिकेत चौधरी ने सफलता दिलाई जब हाशिम अमला (1) उनकी गेंद पर केदार जाधव को विकेट के पीछे कैच देकर लौटे । चौधरी ने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिये ।
मार्टिन गुप्टिल (9) को श्रीनाथ अराविंद ने पवेलियन भेजा जिनका कैच स्वीपर कवर पर पवन नेगी ने लपका ।
शान मार्श (20) अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके । नेगी को हुक शाट खेलने के प्रयास में वह लांग आफ पर मनदीप सिंह को कैच दे बैठे ।
वोहरा ने नेगी को छक्का लगाया लेकिन यही शाट युजवेंद्र चहल को खेलने के प्रयास में वह लांग आन पर एबी डिविलियर्स को कैच देकर लौटे । चहल ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिये ।
कप्तान ग्लेन मैक्सवेल (6) थर्डमैन पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में रन आउट हो गए । इस समय पंजाब का स्कोर पांच विकेट पर 78 रन था । इसके बाद पटेल ने साहा के साथ 34 रन जोड़े । पंजाब की पारी में कुल 11 चौके और तीन छक्के लगे ।
Latest Cricket News