पुणे: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के लिए किंग्स इलेवन पंजाब में शामिल किए गए श्रीलंका के हरफनमौला खिलाड़ी थिसारा परेरा ने गुरुवार को कहा कि आईपीएल क्रिकेट का बेहतर अनुभव हासिल करने का अच्छा मंच है। परेरा के अनुसार, आईपीएल में चूंकि बड़ी संख्या में विदेशी खिलाड़ी, कप्तान और कोच हिस्सा लेते हैं, इसलिए उनके साथ खेलना अनुभव के लिहाज से काफी लाभकारी होता है।
किंग्स इलेवन पंजाब शुक्रवार को पुणे स्थित एमसीए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल-8 में अपने अभियान का आगाज करेगा।
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' ने गुरुवार को परेरा के हवाले से कहा, "आईपीएल में आप ढेर सारे विदेशी खिलाड़ियों को खेलता देख सकते हैं, कई कप्तानों की कप्तानी और कोच के अनुभवों का लाभ उठा सकते हैं। मेरे खयाल से यही चीजें हमारे लिए मुख्य हैं।"
परेरा ने कहा, "आपको पता है कि हम उनसे सुझाव ले सकते हैं और अपने खेल में सुधार ला सकते हैं। यह सीखने का बेहतरीन अनुभव प्रदान करता है।"
किंग्स इलेवन पंजाब की कमान इस बार आस्ट्रेलियाई जॉर्ज बेली को सौंपी गई है, जबकि पिछली बार टीम के लिए विस्फोटक पारियां खेलने वाले ग्लेन मैक्सवेल और डेविड मिलर भी हैं।
परेरा के आने से टीम की बल्लेबाजी को और मजबूती मिल गई है।
Latest Cricket News