बेंगलुरू: अंजिक्य रहाणे (74) और सौरव तिवारी (52) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से राइजिंग पुणे सपुरजाएंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 192 रनों का लक्ष्य दिया है। एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे लीग के 35वें मैच में पुणे ने 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 191 रन बनाए। रहाणे ने अपनी पारी में 48 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, सौरव ने अपनी पारी में 39 गेंदों में नौ चौके लगाए।
बेंगलोर के सबसे सफल गेंदबाज शेन वाटसन रहे। उन्होंने अपने चार ओवरों में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। पुणे को रहाणे और उस्मान ख्वाजा (16) ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 2.2 ओवर में 26 रन जोड़ लिए थे। तभी ख्वाजा रन आउट हो गए। इसके बाद आए सौरव ने रहाणे के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने उसी अंदाज में बल्लेबाजी की जिस अंदाज में पारी की शुरुआत हुई थी। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 106 रनों की शतकीय साझेदारी की।
सौरव 14वें ओवर में युजवेन्द्र चहल की गेंद पर 132 के कुल स्कोर पर स्टंप आउट हो गए। इसके बाद कप्तान महेन्द्र सिंह धौैनी (9) ने मोर्चा संभाला, लेकिन वह ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सके और 144 के कुल स्कोर पर पेवलियन लौट गए। तिसिरा परेरा (14) और जॉर्ज बेले (0) भी अंत में तेजी से रन बनाने के चक्कर में अपने विकेट गंवा बैठे। रहाणे को वाटसन ने 19वें ओवर में पवेलियन भेज उनकी शानदार पारी का अंत किया। अंतिम ओवर में रजत भाटिया (नाबाद 9) और रविचन्द्रन अश्विन (नाबाद 10) ने एक-एक छक्का जड़ टीम का स्कोर 192 तक पहुंचाया।
Latest Cricket News