A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. धोनी, रहाणे और जडेजा पर रहेंगी नयी टीमों की निगाहें

धोनी, रहाणे और जडेजा पर रहेंगी नयी टीमों की निगाहें

भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा उनके साथी रविंद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना और रविचंद्रन अश्विन उन खिलाडि़यों में शामिल हैं जिन्हें कल यहां होने वाले आईपीएल ड्राफ्ट में दोनों नयी फ्रेंचाइजी अपनी टीमों से जोड़ने की कोशि

Dhoni- India TV Hindi
Dhoni

नई दिल्ली: भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा उनके साथी रविंद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना और रविचंद्रन अश्विन उन खिलाडि़यों में शामिल हैं जिन्हें कल यहां होने वाले आईपीएल ड्राफ्ट में दोनों नयी फ्रेंचाइजी अपनी टीमों से जोड़ने की कोशिश करेंगी। संजीव गोयनका की न्यू राइजिंग ने आठ दिसंबर को दिल्ली में हुई रिजर्व बोली प्रक्रिया में पुणे फ्रेंचाइजी जबकि इंटेक्स ने राजकोट फ्रेंचाइजी को खरीदा था। ये दोनों टीमें 2016 और 2017 में निलंबित चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रायल्स की जगह लेंगी। इस ट्वंेटी20 लीग में दोनों नयी फ्रेंचाइजी कुछ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को अपनी टीमों से जोड़ सकती हैं। इनमें न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके आस्ट्रेलियाई शेन वाटसन, वर्तमान कप्तान स्टीवन स्मिथ और वेस्टइंडीज के आलराउंडर ड्वेन ब्रावो शामिल हैं। पिछले साल चेन्नई और रायल्स से खेलने वाले लगभग 50 क्रिकेटर ड्राफ्ट में रखे जाएंगे।

पुणे को मुंबई क्रिकेट संघ के बांद्रा कुर्ला परिसर में होने वाले ड्राफ्ट में खिलाडि़यों को चुनने का पहला मौका दिया जाएगा क्योंकि उसने दो साल के नयी टीम खरीदने के लिये सबसे कम बोली लगायी थी। चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रायल्स के आईपीएल 2013 स्पाट फिक्सिंग मामले में दो साल के लिये निलंबन के बाद ये दो नयी टीमें इस टूर्नामेंट से जोड़ी गयी है। चेन्नई और रायल्स दो साल के निलंबन के बाद वापस लीग से जुड़ जाएंगी। इन दोनों निलंबित फें्रचाइजी टीमों के खिलाडि़यों को अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके और केवल घरेलू मैचों में खेलने वाले खिलाडि़यों की दो श्रेणियों में बांटा जाएगा। इनमें से शीर्ष खिलाडि़यों को ड्राफ्ट प्रणाली से बेचा जाएगा। दो नयी टीमों के पास खिलाडि़यों को खरीदने के लिये न्यूनतम 40 करोड़ और अधिकतम 66 करोड़ रूपये की धनराशि है। बीसीसीआई सूत्रों ने ड्राफ्ट से पहले पीटीआई से कहा, दोनों नयी फ्रेंचाइजी के पास अधिकतम पांच खिलाडि़यों को चुनने का विकल्प होगा। जिन खिलाडि़यों को नहीं खरीदा जाएगा उन्हें अगले साल फरवरी में होने वाली खिलाडि़यों की नीलामी में रखा जाएगा।

उन्होंने कहा, ट्रेडिंग विंडो: किसी अन्य फ्रेंचाइजी द्वारा खिलाडि़यों को खरीदारी के लिये रखना: भी 15 दिसंबर से 31 दिसंबर तक खुली रहेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत के टी20 और विश्व कप विजेता कप्तान धोनी अब भी वैसा ही रूतबा रखते हैं जैसा कि वह चेन्नई की अगुवाई करते हुए रखते थे। चेन्नई ने आठ साल पहले खिलाडि़यों की नीलामी में उन्हें भारी भरकम कीमत में खरीदा था। चेन्नई की आठ साल तक अगुवाई करने वाले धोनी को ड्राफ्ट की पहली सूची में जगह मिलने की संभावना है। फ्रेंचाइजी जिन पहले दो खिलाडि़यों का चयन करेंगी उनकी कीमत 12 . 5 करोड़ रूपये होगी। इनमें से प्रत्येक टीम के पास एक एक खिलाड़ी जाएगा। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि राजकोट अपने घरेलू खिलाड़ी रविंद्र जडेजा पर दांव लगाता है या नहीं। भारतीय टेस्ट टीम में वापसी करने और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन के बाद जडेजा महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन गये हैं।

Latest Cricket News