1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अक्टूबर - नवंबर में भी आईपीएल के होने पर कुछ कहना जल्दबाजी - बीसीसीआई कोषाध्यक्ष

अक्टूबर - नवंबर में भी आईपीएल के होने पर कुछ कहना जल्दबाजी - बीसीसीआई कोषाध्यक्ष

आईपीएल के भविष्य को लेकर फैसला लेने की स्थिति में नहीं है और इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी कि क्या टूर्नामेंट अक्टूबर नवंबर में आईसीसी टी20 विश्व कप की जगह कराया जा सकता है।

BCCI- India TV Hindi
Image Source : PTI BCCI

नई दिल्ली| भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कोषाध्यक्ष अरूण धूमल ने सोमवार को कहा कि फिलहाल बोर्ड आईपीएल के भविष्य को लेकर फैसला लेने की स्थिति में नहीं है और इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी कि क्या टूर्नामेंट अक्टूबर नवंबर में आईसीसी टी20 विश्व कप की जगह कराया जा सकता है। कोरोना वायरस महामारी के कारण आईपीएल 15 अप्रैल तक रद्द कर दिया गया है । देशव्यापी लॉकडाउन दो हफ्ते के लिये और बढाये जाने की संभावना के बीच अप्रैल मई में इंडियन प्रीमियर लीग का होना मुमकिन नहीं है।

धूमल ने कहा ,‘‘ अभी तस्वीर धुंधली है । हमें नहीं पता कि लॉकडाउन कब खत्म होगा । जब यही नहीं पता तो बात कैसे कर सकते हैं। सरकार की ओर से फैसला आने के बाद ही ताजा हालात की समीक्षा करके कोई निर्णय लिया जा सकता है। अभी कोई कयास लगाना जल्दबाजी होगी।’’

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीसीसीआई पदाधिकारियों के बीच सोमवार को कोई कांफ्रेंस कॉल नहीं होनी थी। उन्होंने कहा ,‘‘ हम सभी लगातार संपर्क में है। सिर्फ आईपीएल ही नहीं काफी प्रशासनिक और कानूनी काम भी बाकी है। आज कोई कांफ्रेंस कॉल नहीं होनी थी क्योंकि तस्वीर साफ होने तक बात करने के लिये कुछ नहीं है।’’

ऐसी भी अटकलें हैं कि आईपीएल अक्टूबर नवंबर में हो सकता है। धूमल ने कहा ,‘‘ मुझे एक बात बताइये। अगर ऑस्ट्रेलिया में छह महीने के लिये लॉकडाउन है तो वे अपने खिलाड़ियों को अगले महीने आने की अनुमति कैसे देंगे। यात्रा पर पाबंदियां जारी रहने पर क्या होगा। यह नहीं भूलना चाहिये कि बाकी बोर्ड से भी रजामंदी लेनी होगी।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ भारत में लॉकडाउन खत्म होने पर भी कुछ बड़े शहर कोविड हॉटस्पॉट रहते हैं तो क्या हम अपने खिलाड़ियों की जान जोखिम में डालेंगे। फिर खिलाड़ी महीनों तक अभ्यास के बिना कैसे खेलेंगे।’’ 

Latest Cricket News