बेंगलुरु: ए.बी. डिविलियर्स (82) और कप्तान विराट कोहली (75) की तूफानी बल्लेबाजी के बल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में मंगलवार को एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में हैदराबाद सनराइजर्स के सामने 228 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए।
कोहली और डिविलियर्स के सामने हैदराबाद के गेंदबाजों की एक नहीं चली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 14.3 ओवरों में 10.82 की औसत से 157 रनों की रिकार्ड साझेदारी कर डाली। डिविलियर्स ने अपनी आतिशी पारी में 42 गेंदों का सामना करते हुए छह छक्के और सात चौके लगाए। दूसरी तरफ कप्तान कोहली ने टी-20 विश्व कप का विराट रूप आईपीएल में भी जारी रखते हुए 51 गेंदों में तीन छक्के और सात चौके लगाए।
भुवनेश्वर कुमार ने क्रिस गेल (1) को पारी के दूसरे ओवर में छह के कुल स्कोर पर पवेलियन भेज दिया था। लेकिन, इसके बाद हैदराबाद के गेंदबाजों को कोहली और डिविलियर्स ने खुशी मानने का मौका नहीं दिया। दोनों ही बल्लेबाजों ने हैदराबाद के हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की और मैदान के हर कोने में शॉट लगाए।
गेल को पवेलियन भेजने वाले भुवनेश्वर एक बार फिर टीम को सफलता दिलाने में कामयाब रहे। उन्होंने कोहली को 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 163 के कुल स्कोर पर पवेलियन भेजा। हैदराबाद के लिए कोहली का जाना राहत की बात जरूर थी लेकिन डिविलियर्स अभी भी मैदान पर चौकों- छक्कों की बरसात कर रहे थे। कोहली के बाद आए शेन वाटसन ने भी आते ही आक्रामक खेल खेला। उन्होंने 17वें ओवर की अंतिम तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए। गेंदबाज करन शर्मा थे।
डिविलियर्स 18वें ओवर में 183 के कुल स्कोर पर मुस्तफिजुर रहमान का शिकार हुए। डिविलियर्स के बाद रहमान ने शेन वाटसन (19) को भी चलता किया। आरसीबी की रन गति यहां नहीं रुकी। युवा सरफराज खान ने अपनी बेजोड़ प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 10 गेंदों में दो छक्के और पांच चौकों की मदद से 35 रनों की पारी खेल टीम को 227 के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
Latest Cricket News