A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: पंजाब को हराकर सनराइजर्स ने लगाई जीत की हैट्रिक

IPL: पंजाब को हराकर सनराइजर्स ने लगाई जीत की हैट्रिक

मुस्तफिजुर रहमान की तूफानी गेंदबाजी के बाद बेहतरीन फार्म में चल रहे कप्तान डेविड वार्नर के आईपीएल नौ के चौथे अर्धशतक की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आज यहां किंग्स इलेवन पंजाब को पांच विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की

david - India TV Hindi
Image Source : PTI david

हैदराबाद: मुस्तफिजुर रहमान की तूफानी गेंदबाजी के बाद बेहतरीन फार्म में चल रहे कप्तान डेविड वार्नर के आईपीएल नौ के चौथे अर्धशतक की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आज यहां किंग्स इलेवन पंजाब को पांच विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की।

सनराइजर्स ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर (चार ओवर में नौ रन देकर दो विकेट) और मोइजेस हेनरिक्स (33 रन पर दो विकेट) की प्रभावी गेंदबाजी से किंग्स इलेवन पंजाब को छह विकेट पर 143 रन पर रोकने के बाद वार्नर (59) और शिखर धवन (45) के बीच पहले विकेट की 90 रन की साझेदारी की बदौलत 17.5 ओवर में पांच विकेट पर 146 रन बनाकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। आईपीएल नौ में चार ओवर पूरे फेंकने वालों में मुस्तफिजुर ने अब तक सबसे किफायती गेंदबाजी की है।

वार्नर ने 31 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के मारे जबकि शिखर की 44 गेंद की पारी में चार चौके शामिल रहे। पंजाब की ओर से शान मार्श ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। अक्षर पटेल ने अंत में सिर्फ 17 गेंद में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन की पारी खेलने के अलावा निखिल नाईक (22) के साथ छठे विकेट के लिए 50 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

पहले दो मैचों में हार के साथ शुरूआत करने वाले सनराइजर्स पांच मैचों में तीन जीत से छह अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर हैं। पांच मैचों में सिर्फ एक जीत से दो अंक के साथ पंजाब की टीम अंतिम पायदान पर है। लक्ष्य का पीछा करने उतरे हैदराबाद को पिछले मैच में टीम को 10 विकेट से जीत दिलाने वाली वार्नर और शिखर की जोड़ी ने एक बार फिर शानदार शुरूआत दिलाई। शिखर ने संदीप शर्मा पर चौके से खाता खेलने के बाद काइल एबोट पर भी चौका मारा। वार्नर ने भी संदीप पर दो छक्के और एक चौका जड़ने के बाद एबोट पर भी दो चौके मारे।

सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), शिखर धवन, मोइसिस हेनरिक्स, आदित्य तारे, इयोन मोर्गन, नमन ओझा, दीपेंद्र हुड्डा, बिपुल शर्मा, बरेंदर सरन, मुस्ताफिजुर रहमान और भुवनेश्वर कुमार।

किंग्स इलेवन पंजाब: डेविड मिलर (कप्तान), मनन वोहरा, मुरली विजय, निखिल नाइक, अक्षर पटेल, शॉन मार्श, ऋषि धवनू, केल एबॉट, मोहित शर्मा, संदीप शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल।

Latest Cricket News