1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: केकेआर को हराकर फिर शीर्ष पर पहुंचा गुजरात लायंस

IPL: केकेआर को हराकर फिर शीर्ष पर पहुंचा गुजरात लायंस

कोलकाता: प्रवीण कुमार की प्रभावी गेंदबाजी के बाद दिनेश कार्तिक के अर्धशतक से गुजरात लायंस इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच में आज यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को पांच विकेट से हराकर लगातार तीन हार के

suresh raina- India TV Hindi
Image Source : PTI suresh raina

कोलकाता: प्रवीण कुमार की प्रभावी गेंदबाजी के बाद दिनेश कार्तिक के अर्धशतक से गुजरात लायंस इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच में आज यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को पांच विकेट से हराकर लगातार तीन हार के क्रम को तोड़कर अंक तालिका में फिर शीर्ष पर पहुंच गया।

प्रवीण कुमार (19 रन पर दो विकेट) की कहर बरपाती गेंदों के सामने केकेआर ने छठे ओवर में 24 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद साकिब अल हसन (नाबाद 66) और यूसुफ पठान (नाबाद 63) ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 134 रन की रिकार्ड साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर चार विकेट पर 158 रन तक पहुंचाया। इन दोनों की पारियों की बदौलत टीम अंतिम 11 ओवर में 115 रन बनाने में सफल रही। साकिब ने 49 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के मारे जबकि पठान की 41 गेंद की पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा।

लायंस ने इसके जवाब में दिनेश कार्तिक (51) की अगुआई में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से 12 गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 164 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। आरोन फिंच ने अंत में सिर्फ 10 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 रन की पारी खेली। कार्तिक ने 29 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का मारा।
इस जीत से गुजरात की टीम 11 मैचों में सातवीं जीत से 14 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। केकेआर के 10 मैचों में छह जीत से 12 अंक हैं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे लायंस के लिए ड्वेन स्मिथ (27) और ब्रैंडन मैकुलम (29) ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। मैकुलम ने मोर्ने मोर्कल पर चौके से खाता खोला जबकि स्मिथ ने भी इस तेज गेंदबाज पर चौका मारा। स्मिथ ने साकिब पर दो चौके मारे और फिर उनके अगले ओवर में छक्का भी जड़ा लेकिन इसके बाद बायें हाथ के इस स्पिनर की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हो गए।

कप्तान सुरेश रैना ने साकिब पर चौके से खाता खोला। टीम ने पावर प्ले में एक विकेट पर 46 रन बनाए। मैकुलम ने मोर्कल के ओवर में दो छक्के और एक चौका मारा लेकिन चावला की गेंद को छह रन के लिए भेजने की कोशिश में लांग आन पर मनीष पांडे को कैच दे बैठे। कार्तिक ने बायें हाथ के स्पिनर ब्रैड हाग पर लगातार तीन चौकों के साथ शुरूआत की। उन्होंने उमेश यादव पर चौका और छक्का जड़ने के बाद एक रन के साथ 12वें ओवर में टीम के 100 रन पूरे किए।

रैना हालांकि 18 गेंद में 14 रन बनाने के बाद रसेल की गेंद पर हाग को कैच दे बैठे। फिंच ने इसके बाद ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने साकिब पर चौके से खाता खोला और फिर उन पर छक्का भी जड़ा। लायंस को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 24 रन की दरकार थी। फिंच ने चावला पर लगातार दो चौकों और एक छक्के के साथ टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। कार्तिक ने हाग पर चौके के साथ 27 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। अगली गेंद पर उथप्पा ने उनका कैच छोड़ा लेकिन फिर अगली गेंद पर उन्हें स्टंप करने में कोई गलती नहीं की।

टीम को इस समय जीत के लिए चार रन की दरकार थी। फिंच रन आउट हुए लेकिन रविंद्र जडेजा (नाबाद 09) ने चावला पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी। इससे पहले रैना ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। तेज गेंदबाज प्रवीण ने अपने दूसरे और पारी के तीसरे ओवर में केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर (05) को बोल्ड करने के बाद मनीष पांडे (00) को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया।

Latest Cricket News