1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: कोहली और डिविलियर्स के कमाल से फिर जीता RCB

IPL: कोहली और डिविलियर्स के कमाल से फिर जीता RCB

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।

Virat Kohli- India TV Hindi
Virat Kohli

कोलकाता: कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने लगातार दूसरे मैच में नाबाद शतकीय साझेदारी करके रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को आज कोलकाता नाइट राइडर्स पर 9 विकेट से जीत दिलाकर IPL प्लेआफ में प्रवेश की उम्मीदें बरकरार रखी।

जीत के लिये 184 रन का लक्ष्य बेंगलूर ने 18.4 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। पिछले मैच में गुजरात लायंस को रिकार्ड 144 रन से हराने के बाद कोहली और डिविलियर्स ने आज KKR के गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ी। पिछले मैच में सिर्फ 96 गेंद में 229 रन जोड़ने वाली इस जोड़ी ने उसी लय को कायम रखते हुए आज 67 गेंद में 115 रन की साझेदारी की। कोहली ने 51 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन बनाये जबकि डिविलियर्स ने 31 गेंद में नाबाद 59 रन बनाये। उन्होंने भी अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के जड़े।

इससे पहले कप्तान गौतम गंभीर और मनीष पांडे के अर्धशतकों के बाद आंद्रे रसेल की आक्रामक पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने पांच विकेट पर 183 रन बनाये थे। इस लक्ष्य को हालांकि कोहली और डिविलियर्स ने बौना साबित कर दिया। IPL के मौजूदा सत्र में जबर्दस्त फार्म में चल रहे आरेंज कैपधारी कोहली के अब 12 मैचों में तीन शतक और पांच अर्धशतक समेत 752 रन हो गए हैं जबकि डिविलियर्स 12 मैचों में 597 रन बनाकर दूसरे स्थान पर है।

टीमें:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), क्रिस गेल, अब्राहम डिविलियर्स, के.एल. राहुल, शेन वॉटसन, सचिन बेबी, स्टुअर्ट बिन्नी, क्रिस जोर्डन, इकबाल अब्दुल्ला, श्रीनाथ अरविन्द, युजवेंद्र चहाल।

कोलकाता नाइट राइडर्स: गौतम गंभीर (कप्तान), रोबिन उथप्पा, मनीष पांडे, सूर्य कुमार यादव, यूसुफ पठान, शाकिब अल हसन, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, सुनील नरेन, अंकित राजपूत और मोर्ने मोर्केल।

Latest Cricket News