मुंबई: कप्तान रोहित शर्मा के अर्धशतक के बाद कीरोन पोलार्ड की तूफानी पारी से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में आज यहां रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को छह विकेट से हरा दिया। आरसीबी के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान रोहित ने 44 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 62 रन की पारी खेलने के अलावा अंबाती रायुडू (31) के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन जोड़े, जिसके बाद पोलार्ड ने 19 गेंद में नाबाद 40 रन की पारी खेली, जिससे मुंबई की टीम ने 18 ओवर में चार विकेट पर 171 रन बनाकर जीत दर्ज की। पोलार्ड ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के मारे। जोस बटलर ने भी 14 गेंद में 28 रन की पारी खेली। आरसीबी की ओर से इकबाल अब्दुल्ला ने 40 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मुंबई की पांच मैचों में यह दूसरी जीत है जबकि आरसीबी की तीन मैचों में लगातार दूसरी हार है।
इससे पहले आरसीबी ने युवा बल्लेबाजों ट्रेविस हेड (37) और सरफराज खान (28) के बीच पांचवें विकेट के लिए 5 . 4 ओवर में 63 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। आईपीएल में पदार्पण कर रहे हेड ने 24 गेंद की अपनी पारी में दो चौकों और दो छक्के जड़े जबकि सरफराज ने 18 गेंद का सामना करते हुए दो छक्के और दो चौके मारे।
मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 31 रन देकर तीन जबकि बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पंड्या ने 27 रन देकर दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई ने दूसरे ओवर में ही पार्थिव पटेल (04) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने केन रिचर्डसन की गेंद पर प्वाइंट में एबी डिविलियर्स को कैच थमाया।
टीमें:
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, हार्दिक पंड्या, जोस बटलर, अंबाती रायडू, केरन पोलार्ड, हरभजन सिंह, कुणाल पंड्या, टिम साउदी, मिशेल मैक्लेघन और जसप्रीत बुमराह।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), ट्रेविस हेड, अब्राहम डिविलियर्स, शेन वॉटसन, सरफराज खान, के.एल.राहुल, स्टुअर्ट बिन्नी, केन रिचर्डसन, हर्षल पटेल, इकबाल अबदुल्ला, वरुण एरॉन।
Latest Cricket News