बेंगलुरू: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नौवें सीज़न की विजेता सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज युवराज सिंह का कहना है कि आईपीएल की यह जीत, वनडे विश्व कप और टी-20 विश्व कप जीत के बाद उनके दिल के सबसे करीब रहेगी। हैदराबाद ने रविवार को एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए IPL-9 के फाइनल में बैंगलोर को 8 रन से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया।
iplt20.com ने युवराज के हवाले से लिखा, "आईपीएल जीतना अनूठा अनुभव है। मैंने विश्व कप जीते, लेकिन आईपीएल कभी नहीं जीता था। मैं आठ साल से यह टूर्नामेंट खेल रहा हूं, लेकिन कभी इसे जीत नहीं पाया। आखिरकार यह पल आ ही गया।"
उन्होंने कहा, "मैंने कभी आईपीएल की जीत की मिठास को नहीं चखा था। यह वाकई शानदार है। इस समय मेरे ट्रॉफी कैबिनेट में यह शीर्ष पर रहेगी। यह मेरी विश्व कप जीत के साथ रहेगी।"
युवराज ने मैच जीतने के बाद सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर अपनी टीम के गेंदबाज आशीष नेहरा को यह जीत समर्पित की।
उन्होंने लिखा, "नेहराजी यह आपके लिए है, हमने आपको बहुत 'मिस' किया। बधाई हो।"
नेहरा ने हाल ही में अपने घुटने का ऑपरेशन करवाया है। उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हुए लीग मैच में चोट लग गई थी।
Latest Cricket News