1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: पहले पूछा कौन है कोहली अब कहा रन मशीन हैं

IPL: पहले पूछा कौन है कोहली अब कहा रन मशीन हैं

ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर और पुणे से खेलने वाले एडम जंपा इन दिनों बेहद शर्मिंदा हैं, वजह है उनका वह बयान जिसमें उन्होंने विराट कोहली को पहचानने से ही इंकार कर दिया था लेकिन शनिवार को

Virat Kohli, Adam Zampa- India TV Hindi
Virat Kohli, Adam Zampa

ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर और पुणे से खेलने वाले एडम जंपा इन दिनों बेहद शर्मिंदा हैं, वजह है उनका वह बयान जिसमें उन्होंने विराट कोहली को पहचानने से ही इंकार कर दिया था लेकिन शनिवार को IPL मैच के दौरान कोहली से पिटाई खाने के बाद उन्हें कहना पड़ा वो तो रन मशीन हैं। विराट ने अपने खेल से उन्हें इस कदर प्रभावित किया है कि जंपा उनके मुरीद हो गए।

शनिवार रात विराट ने राइजिंग पुणे के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेली थी। कोहली ने महज़ 58 गेंदों में 108 रनों की कमाल की नाबाद पारी खेली थी, जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल थे। यही वो पारी थी जिसने ज़ंपा की आंखें खोल दीं। मैच खत्म होने के बाद जंपा ने कोहली के बारे में कहा, 'वह शुरुआत में थोड़ा धीमे खेल रहे थे, लेकिन जल्द ही लय पकड़ी और हर गेंद पर शॉट लगाना शुरू कर दिया। कोहली इन दिनों इंसान नहीं बल्कि मशीन की तरह खेल रहे हैं।'

जंपा ने इस मैच में 4 ओवर में 35 रन लुटाए वो भी बिना विकेट के।

दरअसल कुछ दिन पहले एडम ज़ंपा ने ट्विटर पर ट्वीट किया था कि विराट कोहली कौन हैं? यह बात धोनी की टीम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स और कोहली की टीम रॉयल चैंलेजर्स बैंगलोर के बीच 22 अप्रैल को हुए मैच की है। इस मैच में जब डिविलियर्स और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 150 से ज्यादा रन की साझेदारी हुई तो मैच के बाद आरसीबी के तेज गेंदबाज केन रिचर्ड्सन ने ट्वीट कर दोनों क्रिकेटरों की तारीफ की।

इस पर जम्पा ने ट्वीट किया, 'यह दोनों कौन हैं?' उन्होंने इतना पूछा ही था कि कोहली के फ़ैन ख़फ़ा हो गए और उन्हें निशाने पर ले लिया।

कोहली एक ही सत्र में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज़

विराट कोहली ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं जिसने आईपीएल के एक ही सत्र में दो शतक लगाए हैं। इससे पहले वह गुजरात लॉयंस के खिलाफ राजकोट में 24 अप्रैल को नाबाद 100 रन की पारी खेल चुके हैं। खास बात यह कि इस सीजन के पहले उनके नाम कोई शतक नहीं था।

सचिन को भी छोड़ा पीछे

विराट आईपीएल के तीन सीज़न में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले कप्तान हैं। कोहली ने 2013 में 634 और 2015 में 505 रन बनाए थे। इतना ही नहीं कोहली ने बैंगलोर की ओर से इस सीजन के 8 मैचों में 541 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सचिन ने मुंबई का कप्तान रहते हुए 2010 में 618 और 2011 के सीजन में 553 रन बनाए थे जो एक रिकॉर्ड था। कोहली के नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2013 के सत्र में 634 रन बनाए थे, जो किसी भी कप्तान की ओर से अब तक बनाए गए सबसे ज्यादा रनों का रिकार्ड है।

Latest Cricket News