चेन्नई: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में इंग्लैंड पर पारी से जीत कड़ी मेहनत और टीम भावना से मिली और सीरीज को 4-0 से जीतना खिलाडि़यों के जज्बे को दर्शाता है। कोहली ने मैच के बाद कहा, ''हमने सीरीज पहले ही 3-0 से जीत ली थी और उसके बाद इस तरह का प्रदर्शन करना। यह टीम के जज्बे का सबूत है। हमने किस तरह से बल्लेबाजी और गेंदबाजी की यह उसका सबूत है। हम चाहते हैं कि युवा खिलाड़ी आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाएं जैसे कि लोकेश राहुल और करूण नायर ने हमें उस स्थिति में पहुंचा दिया जहां केवल एक टीम जीत सकती थी।''
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
उन्होंने कहा, ''यह अजीब स्थिति थी। इंग्लैंड ने पहले 477 रन बनाये और फिर 282 रन से पिछड़ गया। हम जानते थे कि यदि हम दो-तीन विकेट निकाल लेते हैं तो उनकी टीम जल्दी बिखर सकती है। रविंद्र जडेजा ने अपना काम बखूबी किया और सात विकेट लिये। उसे इस तरह से गेंदबाजी करते हुए देखने में वास्तव में मजा आ गया।''
कोहली इस सीरीज के पांच में से चार टेस्ट मैचों में टॉस गंवा बैठे थे लेकिन तब भी उन्होंने चार मैचों में बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने कहा, ''हमें अपने प्रदर्शन पर गर्व है। टॉस और पिच की परिस्थितियां अनुकूल नहीं थी। हमने इंग्लैंड की पहली पारी में 400 से अधिक रन दिये लेकिन फिर भी पारी के अंतर से जीत दर्ज करने में सफल रहे। ऐसा अक्सर नहीं होता है।''
Latest Cricket News