कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के जेम्स फॉकनर ने एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में पहली हैट्रिक हासिल की। फॉकनर की हैट्रिक के बावजूद श्रीलंकाई टीम 288 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में सफल रही। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने कप्तान एंजेलो मैथ्यूज, कुसाल मेंडिस और कुसाल परेरा के अर्धशतकों की मदद से 48.5 ओवर में सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
मेजबान टीम ने दो गेंद पर दो विकेट गंवा दिये थे। पहले तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने सलामी बल्लेबाज धनुष्का गुणतिलक को आउट किया, इसके बाद ऑफ स्पिनर नाथन ल्योन ने अनुभवी तिलकरत्ने दिलशान को 10 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। लेकिन मेंडिस और दिनेश चांदीमल ने तीसरे विकेट के लिये 125 रन की भागीदारी निभाकर मेजबान टीम के लिये मजबूत मंच तैयार किया।
मेंडिस ने 69 गेंद में इतने ही रन बनाये, जिसमें नौ चौके जड़े थे। वह 21वें ओवर में आउट हुए। चांदीमल 48 रन पर आउट हुए और लगातार छठा वनडे अर्धशतक जड़ने से चूक गये। इसके बाद मैथ्यूज और कुसाल परेरा ने छठे विकेट के लिये 103 रन की अहम भागीदारी निभायी। मैथ्यूज ने 57 और परेरा ने 54 रन बनाये। फाकनर ने अपने आठवें ओवर की अंतिम गेंद पर कुसाल परेरा को आउट किया। इसके बाद उन्होंने मैथ्यूज और थिसारा परेरा के विकेट झटककर अपनी हैट्रिक पूरी की। स्टार्क ने 53 रन देकर तीन विकेट हासिल किये।
Latest Cricket News