A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कागिसो रबाडा ने बेन स्टोक्स के साथ किया दुर्व्यवहार, एक टेस्ट मैच के लिए बैन

कागिसो रबाडा ने बेन स्टोक्स के साथ किया दुर्व्यवहार, एक टेस्ट मैच के लिए बैन

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा पर एक टेस्ट मैच का प्रतिबंध लगा है। अफ्रीकी टीम का यह स्टार गेंदबाज अब ट्रैंट ब्रिज में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएगा।

Kagiso Rabada and Ben Stokes | Getty Images- India TV Hindi
Kagiso Rabada and Ben Stokes | Getty Images

लॉर्ड्स: दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा पर एक टेस्ट मैच का प्रतिबंध लगा है। अफ्रीकी टीम का यह स्टार गेंदबाज अब ट्रैंट ब्रिज में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएगा। इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज के दौरान मेहमान टीम के लिए यह एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 458 रन बनाए हैं जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 214 रन पर ही अपने 5 विकेट खो दिए हैं।

खबर के मुताबिक, रबाडा ने इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन स्टोक्स को आउट करने के बाद कुछ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था, जिसके बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें एक टेस्ट मैच के लिए बैन कर दिया है। रबाडा पर मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया गया है और इसके साथ ही एक नकारात्मक अंक भी दिया गया है। रबाडा के हिस्से पहले से ही 3 नकारात्मक अंक थे। फरवरी में श्रीलंका के खिालफ खेली गई वनडे सीरीज में निरोशन डिकवेला के साथ दुर्व्यवहार के कारण उनके हिस्से यह नकारात्मक अंक आए थे। कुल 4 नकारात्मक अंक होने के बाद खिलाड़ी अपने आप ही एक मैच के लिए प्रतिबंधित हो जाता है।

ICC द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक, ‘इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को रबाडा को ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1.7 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जिसमें दूसरों के खिलाफ गलत शब्दों, संकेतों का प्रयोग करना वर्जित है। गुरुवार को हुई घटना में राबाडा ने स्टोक्स को आउट करने के बाद उनके खिलाफ गलत भाषा का उपयोग किया जो स्टम्प पर लगे माइक में साफ सुनाई दे रही थी। इसी कारण बल्लेबाज ने वापस लौटने से पहले पीछे मुड़ कर देखा।’

Latest Cricket News