धर्मशाला: भारत के खिलाफ सीरीज का पहला वनडे इंटरनेशनल मैच हारने के बाद रविवार को न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने स्वीकार किया कि उनकी टीम हर क्षेत्र में भारत से कमतर साबित हुई। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में हुए 5 मैचों की सीरीज के पहले मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी किवी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 43.5 ओवरों में सिर्फ 190 रनों पर ढेर हो गई।
खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इसके बाद भारतीय टीम ने विराट कोहली (नाबाद 85) की नायाब पारी की बदौलत 43.1 ओवरों में 4 विकेट खोकर 194 रन बनाए और सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। मैच के बाद विलियमसन ने कहा, ‘हमें शुरुआती 10 ओवरों का खामियाजा भुगतना पड़ा। भारतीय तेज गेंदबाजों ने इन शुरुआती ओवरों में बेहतरीन गेंदें डालीं। हमारी बल्लेबाजी निराशाजनक रही और कुछ ऐसी विकेटें गिरीं जिन्हें नहीं गिरना चाहिए था।’ विलियमसन ने कहा, ‘हमने शुरुआत में ही काफी विकेट खो दिए। हमने आखिरी में थोड़ी भरपाई जरूर की। हालांकि भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। हम हर क्षेत्र में उनसे पीछे रहे और हमें इसमें सुधार करना होगा।’
गौरतलब है कि भारत ने इससे पहले तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भी न्यूजीलैंड को 3-0 से पटखनी दी थी। इस मैच से डेब्यू करने वाले हार्दिक पांड्या को उनकी धारदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पांड्या ने उमेश यादव के साथ मिलकर किवी टीम के शुरुआती विकेट चटकाए। पांड्या ने 7 ओवरों में 31 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
Latest Cricket News