A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. किंग्स इलेवन की मुंबई इंडियन्स पर बड़ी जीत

किंग्स इलेवन की मुंबई इंडियन्स पर बड़ी जीत

किंग्स इलेवन पंजाब ने आज यहां IPL नौ के एकतरफा मुकाबले में मुंबई इंडियन्स को 3 ओवर शेष रहते हुए 7 विकेट से हराया।

Murali Vijay- India TV Hindi
Murali Vijay

विशाखापट्टनम: मध्यम गति के गेंदबाज मार्कस स्टोनिस के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तथा कप्तान मुरली विजय और रिद्विमान साहा की रणनीतिक बल्लेबाजी से किंग्स इलेवन पंजाब ने आज यहां IPL नौ के एकतरफा मुकाबले में मुंबई इंडियन्स को 3 ओवर शेष रहते हुए 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर उसकी प्लेआफ में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका दिया।

स्टोनिस ने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट लिये जबकि संदीप शर्मा ने 11 और मोहित शर्मा ने 26 रन देकर दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। मुंबई की टीम टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 124 रन ही बना पायी। बाद में विजय (52 गेंदों पर 54 रन) और साहा (40 गेंदों पर 56) ने दूसरे विकेट के लिये 116 रन जोड़े जिससे किंग्स इलेवन ने 17 ओवर में तीन विकेट पर 127 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।

मुंबई टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 14वें ओवर की समाप्ति पर पांच विकेट पर 63 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। उसने आखिरी छह ओवरों में 61 रन बनाये जिससे उसकी टीम नौ विकेट पर 124 रन तक पहुंच पायी। उसकी तरफ से कीरोन पोलार्ड ने 27, नितीश राणा ने 25, कृणाल पंड्या ने 19 और हरभजन सिंह ने नाबाद 14 रन का योगदान दिया। मुंबई की पारी में आठ छक्के लगे लेकिन चौके केवल पांच ही लग पाये।

विजय ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया जबकि साहा की पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल है। इन दोनों की शानदार पारियों से किंग्स इलेवन ने 11वें मैच में चौथी जीत दर्ज की जिससे वह आठ अंक लेकर अंतिम स्थान से उपर सातवें स्थान पर पहुंच गया है। मुंबई की यह 12वें मैच में छठी हार है और उसके अब 12 अंक हैं। उसके लिये अगले दोनों मैच करो या मरो जैसे बन गये हैं।

Latest Cricket News