टीम इंडिया से निलंबित ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या शनिवार को अपने बड़े भाई क्रुणाल के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए। हार्दिक के पिता ने कहा था कि इस पूरे विवाद के साथ से हार्दिक घर से बाहर भी नहीं निकले हैं। गौरतलब है कि के एल राहुल औओर हार्दिक पंड्या को बीच ऑस्ट्रेलियाई दौरे से ही भारत वापस बुला लिया गया था। हार्दिक पंड्या और केएल राहुल ने करण जौहर के शो 'कॉफी विद करन' में महिलाओं के बारे आपत्तिजनक बयान दिए थे। इसी वजह से दोनों को सस्पेंड कर दिया गया था और यह मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।
वहीं, इस मामले में बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने शनिवार को प्रशासकों की समिति (सीओए) से हार्दिक पंड्या और केएल राहुल पर उनकी आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिये लगाये गये निलंबन को हटाने का आग्रह किया और इस मामले में विशेष आम बैठक (एसजीएम) बुलाने से इन्कार कर दिया। खन्ना ने कहा कि बोर्ड अधिकारियों की इन दोनों खिलाड़ियों के व्यवहार की जांच के लिये लोकपाल नियुक्त करने के लिये एसजीएम बुलाने की मांग सही नहीं है क्योंकि उच्चतम न्यायालय में अगले हफ्ते इस मामले पर सुनवाई होनी है।
खन्ना ने बीसीसीआई को संचालन कर रहे सीओए को पत्र में लिखा, ‘‘उन्होंने गलती की और उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है और ऑस्ट्रेलिया से वापस बुलाया गया। उन्होंने बिना शर्त माफी भी मांग ली है। मेरा सुझाव है कि जांच लंबित रहने तक हमें दोनों क्रिकेटरों को तुरंत भारतीय टीम में शामिल करना चाहिए और उन्हें जल्द से जल्द न्यूजीलैंड में टीम से जुड़ने की अनुमति दी जानी चाहिए।’’