नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज काइल एबोट ने आज कहा कि भारत चौथे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट में जितनी देर बल्लेबाजी करेगा, उतना ही उनके लिये अच्छा होगा क्योंकि उनकी टीम को ज्यादा ओवर नहीं खेलने होंगे।
एबोट ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो जितनी देर तक वे बल्लेबाजी करेंगे, हमारे लिये अच्छा ही होगा। ज्यादा ओवर खत्म हो जायेंगे। ऐसे में हमें कम ओवर खेलने होंगे।
पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले इस गेंदबाज ने कहा, ऐसा लग रहा है कि उसे जमाना हो गया। भारत में खेलने के हालात मुश्किल है। हमने देखा है कि श्रृंखला में स्पिनरों का दबदबा रहा है लिहाजा तेज गेंदबाज को पांच विकेट मिलना अच्छा रहा।
उन्होंने आज मोर्नी मोर्कल के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा ,मोर्नी ने मुझसे अलग लैंग्थ से गेंदबाजी की। उसने बेहतरीन प्रदर्शन किया और पहली पारी में भी उसकी गेंदबाजी शानदार थी। वह बदकिस्मत रहा कि उसे कुछ विकेट नहीं मिले लेकिन पूरी श्रृंखला में उसका प्रदर्शन अच्छा रहा है।
Latest Cricket News