1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सत्र के अंत में टेस्ट में नंबर 1 टीम बन सकता है भारत: धोनी

सत्र के अंत में टेस्ट में नंबर 1 टीम बन सकता है भारत: धोनी

धोनी का मानना है कि टीम कप्तान कोहली के मार्गदर्शन में अच्छी लय में आ रही है और सभी तेज गेंदबाजों के फिट होने और अच्छा प्रदर्शन करने से टीम आगामी टेस्ट मैचों के लिए अच्छी स्थिति में है।

MS dhoni- India TV Hindi
MS dhoni

लोडरहिल: भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का मानना है कि विराट कोहली की अगुआई वाली भारत की टेस्ट टीम घरेलू सत्र के अंत में खेल के लंबे प्रारूप में शीर्ष रैंकिंग फिर हासिल कर सकती है जिसमें टीम को न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के खिलाफ 13 टेस्ट खेलने हैं।

धोनी का मानना है कि टीम कप्तान कोहली के मार्गदर्शन में अच्छी लय में आ रही है और सभी तेज गेंदबाजों के फिट होने और अच्छा प्रदर्शन करने से टीम आगामी टेस्ट मैचों के लिए अच्छी स्थिति में है।

कल वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे T20 अंतरराष्ट्रीय मैच के बारिश की भेंट चढ़ने के बाद धोनी ने संवाददाताओं से कहा, मुझे लगता है कि भारतीय टेस्ट टीम अच्छी लय में आ रही है। ऐसा लगता है कि हमारी टीम T20 और एकदिवसीय मैचों में बेहतर स्थिति में है लेकिन (टेस्ट में) अब हमारी टीम के पास बल्लेबाजी में अच्छा अनुभव है। अगर आपने ध्यान दिया हो तो एक या दो बदलाव को छोड़कर पिछले ढाई साल से हमारी बल्लेबाजी इकाई समान है। इसलिए आप काफी कुछ सीखते हैं। टेस्ट सर्वोच्च प्रारूप बना हुआ है।

उन्होंने कहा, इसके अलावा हमारे सभी तेज गेंदबाज अब फिट हैं और वे जिस तरह की गेंदबाजी कर रहे हैं वह काफी अच्छा है। हमारे पास 10 तेज गेंदबाज हैं और यह काफी अच्छा है। अब हम काफी मैच खेल रहे हैं इसलिए अगर हम चाहते हैं तो हम अपने तेज गेंदबाजों को रोटेट कर सकते हैं। धोनी को खुशी है कि प्रतिभा अब प्रदर्शन में बदल रही है।

Latest Cricket News