A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मनोहर: श्रीनिवासन को आइसीसी पद से हट जाना चाहिए

मनोहर: श्रीनिवासन को आइसीसी पद से हट जाना चाहिए

नई दिल्ली: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष शशांक मनोहर ने आईपीएल के विवाद के लिये एन श्रीनिवासन को दोषी ठहराते हुए कहा कि वह सभी विवादों की जड़ है और उन्हें तुरंत आईसीसी अध्यक्ष पद से

मनोहर: श्रीनिवासन को...- India TV Hindi
मनोहर: श्रीनिवासन को आइसीसी पद से हटना चाहिए

नई दिल्ली: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष शशांक मनोहर ने आईपीएल के विवाद के लिये एन श्रीनिवासन को दोषी ठहराते हुए कहा कि वह सभी विवादों की जड़ है और उन्हें तुरंत आईसीसी अध्यक्ष पद से हट जाना चाहिये।

श्रीनिवासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मनोहर ने कहा कि बीसीसीआई ने खेल को साफ सुथरा बनाने के लिये समय पर कार्रवाई नहीं की और अब उसके पास लोढा समिति की सिफारिशों को मानने के अलावा कोई चारा नहीं है।

मनोहर का बयान आईपीएल संचालन परिषद की कल मुंबई में होने वाली अहम बैठक से पहले आया है जिसमें भावी कार्रवाई की दिशा तय की जायेगी।

मनोहर ने कहा, ‘श्रीनिवासन को 2013 में ही इस्तीफा दे देना चाहिये था। कोई भी व्यक्ति संस्था से बड़ा नहीं है और वह तमाम विवादों की जड़ हैं। उन्हें तुरंत आईसीसी अध्यक्ष पद छोड़ देना चाहिये।’ मनोहर ने शुक्रवार रात बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया से मुलाकात की। उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल के मुख्य संचालन अधिकारी सुंदर रमन को भी हटा देना चाहिये और सीबीआई को इस मामले में पूरी जांच करनी चाहिये ताकि लोगों का क्रिकेट पर विश्वास बहाल हो।

मनोहर ने कहा, ‘मुद्गल समिति की रिपोर्ट में उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने के बाद रमन को तुरंत प्रभाव से हटाया जाना चाहिये था। उन्हें उसी समय इस्तीफे की पेशकश कर देनी थी। अब आईपीएल और खेल में लोगों का भरोसा बहाल करने के लिये रमन को जाना चाहिये।’ मनोहर ने कहा कि सीबीआई को स्पाट फिक्सिंग मामले की जांच करनी चाहिये क्योंकि बोर्ड के पास जांच के कोई संसाधन नहीं है।

उन्होंने कहा,‘मेरा मानना है कि सीबीआई जैसी स्वतंत्र ईकाई द्वारा जांच कराई जानी चाहिये। बीसीसीआई के पास जांच के अधिकार नहीं है। सिर्फ सीबीआई ही जांच कर सकती है।’ इन अटकलों पर कि क्या बीसीसीआई दो साल के लिये निलंबित टीमों को चला सकती है, मनोहर ने कहा कि बोर्ड के नियम इसकी अनुमति नहीं देते।

उन्होंने कहा, ‘यदि आप मेरी राय चाहते हैं तो बीसीसीआई टीमों को नहीं चला सकता क्योंकि उसके नियम इसकी अनुमति नहीं देते। इसके अलावा क्या बीसीसीआई का अधिकारी खिलाड़ियों की नीलामी में बैठकर उनके दाम लगायेगा। यह हितों के टकराव का मामला होगा और इस मामले में जनता की राय बहुत अच्छी नहीं है।’ उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल को इन विवादों के लिये कसूरवार नहीं ठहराया जा सकता और यह टूर्नामेंट जारी रहना चाहिये।

Latest Cricket News