मोहाली: भारतीय क्रिकेट टीम ने पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को भोजनकाल तक तीन विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले सत्र के 27 ओवरों में 3.03 के औसत से रन बटोरे। मुरली विजय 40 और अजिंक्य रहाणे तीन रन बनाकर नाबाद हैं।
इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए अब तक 17 रनों की साझेदारी की है। भारत ने शिखर धवन (0), चेतेश्वर पुजारा (31) और कप्तान विराट कोहली (1) के विकेट गंवाए हैं।
धवन शून्य के कुल योग पर वेरनान फिलेंडर की गेंद पर हाशिम अमला के हाथों स्लिप में लपके गए। इसके बाद पुजारा और विजय ने दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की।
यह जोड़ी अच्छा खेल रही थी लेकिन डीन एल्गर ने पुजारा को पगबाधा आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। पुजारा ने 66 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए।
पुजारा का विकेट 63 के कुल योग पर गिरा। उनका स्थान लेने आए कप्तान कोहली अपने जन्मदिन को खास नहीं बना सके और चार गेंदों का सामना कर अपना पहला टेस्ट खेल रहे कागिसो राबाडा की गेंद पर एल्गर के हाथों कैच हुए।
विजय ने 80 गेंदों का सामना कर छह चौके लगाए हैं जबकि रहाणे ने 10 गेंदों का सामना किया है।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से फिलेंडर, राबाडा और एल्गर को एक-एक सफलता मिली है।
Latest Cricket News