मैं जब विराट कोहली से ज्यादा लंबे छक्के मार सकता हूं तो मुझे उनके जैसा बनने की क्या जरूरत है, मैं खाने से समझौता नहीं कर सकता और मुझे कोहली जैसा बनने की कोई जरूरत नहीं है। ये शब्द थे अफगानिस्तान के बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद के। शहजाद ने ये बयान देकर हर किसी को अचंभित कर दिया था। जहां सारी दुनिया कोहली की फिटनेस की मुरीद है वहीं, शहजाद ने कुछ महीने पहले ये बयान देकर सनसनी फैला दी थी। लेकिन भारत के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच के बाद शायद शहजाद को फिटनेस की अहमियत का अंदाजा लग गया होगा। शहजाद को समझ आ गया होगा कि आखिर क्यों उन्हें कोहली जैसी फिटनेस की जरूरत है? शहजाद को ये भी पता चल गया होगा कि क्रिकेट के खेल में वो खिलाड़ी बिल्कुल फिट नहीं बैठता जिसका पेट निकला हुआ होता है और उन्हें ये भी समझ आ गया होगा कि आखिर क्यों अब उन्हें कोहली जैसा बनने की जरूरत है।
हमें पूरा अंदाजा है कि आपके मन में ये सवाल जरूर खड़ा हो रहा होगा कि आखिर भारत के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में शहजाद के साथ ऐसा क्या हो गया। तो हम आपको बता दें कि खराब फिटनेस की वजह से शहजाद को पहली पारी में अपना विकेट खोना पड़ा था।
खराब फिटनेस ले डूबी: शहजाद ऐतिहासिक टेस्ट में अफगानिस्तान की तरफ से टेस्ट मैच की पहली गेंद खेलने वाले खिलाड़ी बने। इस मैच में उन्होंने तेज शुरुआत करने की कोशिश की। लेकिन एक रन लेने के चक्कर में हार्दिक पंड्या के थ्रो का शिकार होकर रन आउट हो गए। शहजाद एक रन लेना चाहते थे लेकिन उनकी खराब फिटनेस के कारण वो पंड्या के थ्रो से पहले क्रीज पर नहीं पहुंच सके और रन आउट हो गए।
शहजाद ने पहली पारी में 14 और दूसरी पारी में 13 रन बनाकर आउट हुए। रन आउट होने के बाद उन्हें एक पल को ये जरूर लगा होगा कि अगर उनकी फिटनेस आज कोहली के आस-पास भी होती तब भी वो आसानी से क्रीज पर पहुंच सकते थे। सही है शहजाद जितनी जल्दी फिटनेस की अहमियत को समझ जाएंगे उनके लिए उतना ही फायदेमंद रहने वाला है।
Latest Cricket News