चेन्नई: इंग्लैंड के लियाम डॉसन ने अपने डेब्यू मैच में ही प्रभावशाली अर्धशतक जमाया लेकिन उन्होंने शनिवार को खुलासा किया कि एक महीने पहले जब वह बांग्लादेश प्रीमियर लीग में खेल रहे थे तब उन्होंने अपने देश के लिये टेस्ट मैच में खेलने के बारे में सोचा तक नहीं था। डॉसन ने नाबाद 66 रन बनाए और आदिल रशीद के साथ शतकीय साझेदारी निभाई जिससे इंग्लैंड पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच की पहली पारी में 477 रन बनाने में सफल रहा।
खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
डॉसन ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, ‘जब मैं BPL के लिए बांग्लादेश गया तो मैंने टेस्ट क्रिकेट के बारे में सोचा भी नहीं था। इसलिए अब यहां होना और भारत में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करना मेरे लिए स्पेशल है।’ उन्होंने कहा कि एक छोटी उपलब्धि हासिल करके वह अच्छा महसूस कर रहे हैं। डॉसन ने कहा, ‘डेब्यू पर अच्छा प्रदर्शन करके वास्तव में अच्छा लग रहा है। टेस्ट क्रिकेट में पहली कुछ गेंदे मेरे लिए दिलचस्प थीं लेकिन मैं उनसे पार पाने में सफल रहा। आप एक बार टेस्ट डेब्यू करते हैं। मैं बहुत उत्साहित था और टीम के तौर पर भी हम मजबूती चाहते थे। अभी हम अच्छी स्थिति में हैं।’
लियाम डॉसन। (AP फोटो)
डॉसन ने कहा, ‘छोटी उपलब्धियां हासिल करके अच्छा लगता है। यह छोटी उपलब्धि है लेकिन निजी तौर पर यह विशेष है। मेरा ध्यान अब कल के खेल पर है। उन्होंने (कुक) असल में मुझसे इस अवसर का लुत्फ उठाने के लिए कहा।’ डॉसन ने कहा कि इंग्लैंड को कल विकेट हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ सकती है। उन्होंने कहा, ‘यह काफी अच्छा विकेट है। इससे बहुत अधिक स्पिन नहीं मिल रही है और इसमें तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा तेजी भी नहीं है इसलिए कल हमें कड़ी मेहनत करनी होगी लेकिन यदि हम विकेट लेने की कोशिश करते रहेंगे तो हम विकेट ले सकते हैं।’
Latest Cricket News