लुधियाना: लुधियाना में शनिवार सुबह अमोनिया से भरे एक टैंकर में रिसाव के कारण करीब 6 लोगों की मौत हो गई और 100 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक यह टैंकर लुधियाना जिले के माछीवाड़ा की तरफ जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि टैंकर यहां से 25 किलोमीटर दूर एक नहर के पास दोराहा बाईपास रोड़ पर बने एक पुल के नीचे फंस गया था जिसके बाद उसमें से अमोनिया का रिसाव शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि अमोनिया के रिसाव के कारण 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि करीब 100 लोगों ने इस रिसाव के चलते सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। यह रिसाव इतना भयानक था कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। एसएचओ ने बताया कि प्रभावित लोगों को दोराहा, खन्ना और लुधियाना के अलग अलग अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है।
इस टैंकर पर गुजरात का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज था और यह लुधियाना की तरफ जा रहा था। मृतकों और पीड़ितों की पुख्ता जानकारी अभी आना बाकी है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज कर दिया है।
Latest India News