कराची: पाकिस्तानी क्रिकेटर उमर अकमल एक बार फिर विवादों में हैं। उमर अपने 4 अन्य साथी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज, बिलावल भट्टी, ओवैस जिया और शाहिद यूसुफ के साथ रविवार को डांस देखने के लिए एक थिएटर गए थे जहां डांस शो के दौरान उनका लोकल लोगों से झगड़ा हो गया। पीसीबी मामले की जांच कर रही है। आरोप साबित होने पर पांचों क्रिकेटर को सस्पेंड किया जा सकता है।
हालांकि अकमल ने इन आरोपों को खारिज किया है लेकिन टीवी चैनलों ने फुटेज में दिखाया कि उमर अकमल थिएटर में कुछ लोगों से बहस कर रहा है और उसके बाद उनकी तरफ गुस्से से इशारा किया। सूत्रों ने बताया कि झड़प उस समय हुई जब कुछ खिलाडि़यों ने महिला कलाकारों द्वारा एक गीत फिर सुनाये जाने की फरमाइश की।
उमर ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि आप मेरे क्रिकेट कौशल या प्रदर्शन के बारे में लिखो या कहो लेकिन किसी को मेरी निजी या सामाजिक जिंदगी के बारे में लिखने का हक नहीं है। यह सही नहीं है।
इसके पहले भी उमर एक फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट के दौरान विवादों में आ गए थे। हैदराबाद में वे अपने कुछ दोस्त के साथ मुजरा देखने गए थे और तभी पुलिस ने रेड मारकर उन्हें हिरासत में ले लिया था। इसके बाद उमर को इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज में पाकिस्तानी टीम से बाहर कर दिया गया था। बाद में पुलिस रिपोर्ट्स के आधार पर पीसीबी ने उमर पर से आरोप हटा लिए थे।
Latest Cricket News