भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कोरोनावायरस को मात दे दी है और वह अब बिल्कुल ठीक है। कृष्णा अभी बैंगलुरु में अपने घर पर हैं और 23 मई को भारतीय टीम के साथ मुंबई में जुड़ सकते हैं। बता दें, प्रसिद्ध कृष्णा का चयन इंग्लैंड दौरे के स्टैंडबाय खिलाड़ियों में हुआ है। उनके अलावा स्टैंडबाय में अवेश खान और अर्जन नागवासवाला, और बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन का भी नाम हैं।
घटनाक्रम से वाकिफ एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "वह कोविड-19 से ठीक हो गया है, इस समय अपने घर पर बेंगलुरु में है और 23 मई को मुंबई के लिए रवाना होगा।"
आईपीएल 2021 में प्रसिद्ध कृष्णा कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा था और वह उन 4 खिलाड़ियों में शामिल थे जो कोविड-19 की चपेट में आए थे। प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा वरुण चक्रवर्ती, संदीप वारियर और न्यूजीलैंड के टिम सेफर्ट इस महामारी की चपेट में आए थे जिसके बाद लीग को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था।
न्यूजीलैंड लौटने वाले सीफर्ट के साथ ये तीनों खिलाड़ी भी ठीक हो गए हैं।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कृष्णा ने मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और तीन मैचों में छह विकेट लिए।
भारत की पुरुष और महिला टीमों के दो जून को चार्टर फ्लाइट से मुंबई से इंग्लैंड के लिए रवाना होने की उम्मीद है।
Latest Cricket News