A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रणजी ट्रॉफी: तमिलनाडु 68 रन पर ढेर, पंजाब ने कसा शिकंजा

रणजी ट्रॉफी: तमिलनाडु 68 रन पर ढेर, पंजाब ने कसा शिकंजा

पंजाब ने स्पिनरों के लिये स्वर्ग बनी पिच पर विकेटों के पतझड़ के बीच आज यहां तमिलनाडु को केवल 68 रन पर ढेर करके रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी क्रिकेट मैच पर पहले दिन ही शिकंजा कस दिया।

ranji trophy match- India TV Hindi
Image Source : GOOGLE ranji trophy match

डिंडीगुल (तमिलनाडु): पंजाब ने स्पिनरों के लिये स्वर्ग बनी पिच पर विकेटों के पतझड़ के बीच आज यहां तमिलनाडु को केवल 68 रन पर ढेर करके रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी क्रिकेट मैच पर पहले दिन ही शिकंजा कस दिया।

पिच से पहले दिन ही स्पिनरों को मदद मिल रही थी और पहले दिन ही 21 विकेट गिरे। हरभजन सिंह की अगुवाई वाले पंजाब ने हालांकि परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया। पंजाब के कप्तान हरभजन ने हालांकि टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।

पंजाब की टीम 206 रन पर आउट हो गयी। उसकी तरफ से युवराज सिंह ने सर्वाधिक 49 रन बनाये जबकि दसवें नंबर के बल्लेबाज बरिंदर दास ने 33 रन का योगदान दिया।
लेकिन तमिलनाडु के बल्लेबाज राजविंदर सिंह (29 रन देकर छह विकेट) और हरभजन (30 रन देकर तीन विकेट) के सामने लड़खड़ा गये। एक समय उसका स्कोर आठ विकेट पर 42 रन था और उस पर फालोआन का खतरा मंडरा रहा था। निचले क्रम के बल्लेबाज जे कौशिक ने 30 रन की पारी खेली जिससे टीम फालोआन टालने में सफल रही।

राजविंदर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। पंजाब को हालांकि पहली पारी में 138 रन की बड़ी बढ़त हासिल हो गयी। तमिलनाडु की टीम केवल 23.4 ओवरों में आउट हो गयी थी और इस तरह से पंजाब को दूसरी पारी में दस ओवर खेलने का मौका मिला। पंजाब ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 36 रन बनाये और उसकी कुल बढ़त 174 रन की हो गयी है।

पंजाब ने सलामी बल्लेबाज परगट सिंह (19) का विकेट गंवा दिया। स्टंप उखड़ने के समय जीवनजोत सिंह दस रन पर खेल रहे थे जबकि नाइटवाचमैन राजविंदर को अभी अपना खाता खोलना है।

Latest Cricket News