A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट मैचों में फटाफट 200 विकेट लेने वाले दूसरे तेज गेंदबाज बने अश्विन

टेस्ट मैचों में फटाफट 200 विकेट लेने वाले दूसरे तेज गेंदबाज बने अश्विन

ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अपने 37वें टेस्ट मैच में 200वां विकेट लेकर सबसे कम मैचों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे नंबर के गेंदबाज बन गए।

Ravichandran Ashwin | PTI- India TV Hindi
Ravichandran Ashwin | PTI

कानपुर: ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अपने 37वें टेस्ट मैच में 200वां विकेट लेकर सबसे कम मैचों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे नंबर के गेंदबाज बन गए। अश्विन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन रविवार को कीवी कप्तान केन विलियमसन को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की। 

देश-दुनिया की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर क्लेरी ग्रिमेट ने 36 टेस्ट मैचों में 200 विकेट लिए थे जबकि अश्विन ने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए उनसे एक टेस्ट मैच ज्यादा खेला। क्लेरी ग्रिमेट अपने जमाने के बेहद खतरनाक लेग स्पिनर माने जाते थे और उन्होंने 37 टेस्ट मैचों की 67 पारियों मं 21 बार 5 या इससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया था। वहीं अश्विन की बात करें तो उन्होंने 37वें टेस्ट मैच के चौथे दिन की समाप्ति तक पारी में 18 बार 5 या इससे ज्यादा विकेट लिए हैं।  भारत के इस ऑफ स्पिनर ने इस तरह से डेनिस लिली और वकार यूनिस को पीछे छोड़ा जिन्होंने 38वें टेस्ट मैच में 200 विकेट पूरे किए थे। वर्तमान समय में खेल रहे गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन 39 मैचों में इस मुकाम पर पहुंचे थे। 

यदि भारतीय रिकॉर्ड की बात करें तो अश्विन ने एक अन्य ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 46वें मैच में अपना 200वां विकेट हासिल किया था। उनके बाद अनिल कुंबले (47), भगवत चंद्रशेखर (48) और कपिल देव (50 मैच) का नंबर आता है। अश्विन भारत की तरफ से 200 विकेट लेने वाले नौवें गेंदबाज और पांचवें स्पिनर बन गए हैं। भारत की तरफ से 200 या इससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में अनिल कुंबले (619), कपिल देव (434), हरभजन सिंह (417), जहीर खान (311), बिशन सिंह बेदी (266), चंद्रशेखर (242), जवागल श्रीनाथ (236), इशांत शर्मा (209) और अश्विन (200) शामिल हैं।

Latest Cricket News