A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत को झटका, ‘मैन ऑफ द मैच’ रविंद्र जडेजा तीसरे टेस्ट के लिए सस्पेंड

भारत को झटका, ‘मैन ऑफ द मैच’ रविंद्र जडेजा तीसरे टेस्ट के लिए सस्पेंड

कोलंबो टेस्ट में 'मैन ऑफ द मैच' रहे भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को ICC ने एक टेस्ट मैच के लिए सस्पेंड कर दिया है।

Ravindra Jadeja and Virat Kohli | AP Photo- India TV Hindi
Ravindra Jadeja and Virat Kohli | AP Photo

कोलंबो: भारत के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को ICC की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए एक टेस्ट मैच से सस्पेंड कर दिया गया है। इस निलंबन के कारण जडेजा श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में भारतीय टीम के साथ मैदान पर नहीं उतर पाएंगे। आचार संहिता के ताजा उल्लंघन के कारण पिछले 24 महीनों से उनके कुल नकारात्मक अंक 6 हो गए हैं जिसके कारण उनका तीसरे टेस्ट मैच में खेल पाना नामुमकिन है। कोलंबो टेस्ट जीतकर भारत सीरीज में 2-0 से आगे हो गया है। जडेजा कोलंबो टेस्ट में ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए थे।

जडेजा पर दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को गेंदबाजी के दौरान श्रीलंका के बल्लेबाज पर क्रीज न छोड़ने के बावजूद स्टम्प्स पर गेंद मारने का आरोप है। अंपायरों ने इसे खतरनाक करार दिया। आचार संहिता के इस उल्लंघन के कारण उन्हें 3 नेगेटिव पॉइंट्स मिले जिसे कारण उन्हें निलंबन झेलना पड़ेगा। श्रीलंका के खिलाफ तीसरा टेस्ट मैच 12 अगस्त से पल्लेकल में शुरू होगा। जडेजा पर लेवल 2 के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी किया गया है। जडेजा ने अपना अपराध और ICC मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा प्रस्तावित सजा स्वीकार कर ली है। उन पर यह आरोप मैदानी अंपायर ब्रूस ऑक्सनफोर्ड और राड टकर, तीसरे अंपायर रिचर्ड इलिंगवथ और चौथे अंपायर रूचिरा पालियाग्रूज ने लगाए थे।

जडेजा की अनुपस्थिति में बाएं हाथ के चाइनामैन कुलदीप यादव को तीसरे टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिल सकता है। ICC विज्ञप्ति के मुताबिक, श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को जडेजा को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2.8 के उल्लंघन का दोषी पाया गया जो कि अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान खतरनाक या अनुचित तरीके से गेंद या फिर कोई भी अन्य वस्तु जैसे पानी की बोतल खिलाड़ी, खिलाड़ी के सहयोगी स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या किसी भी अन्य व्यक्ति की तरफ से फेंकने से संबंधित है। जडेजा पर इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर 2016 में इंदौर टेस्ट मैच के दौरान संहिता के अनुच्छेद 2.2.11 के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और उनके खाते में 3 नकारात्मक अंक जोड़ दिए थे।

अब फिर से 3 नकारात्मक अंक जुड़ने से वह 4 नकारात्मक अंक तक पहुंच गए और संहिता के अनुच्छेद 7.6 के अनुसार अब 2 निलंबन अंक में तब्दील हो गए। 2 निलंबन अंक एक टेस्ट या 2 वनडे या 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के प्रतिबंध के बराबर होता है। इनमें से जो भी पहले हो उससे खिलाड़ी को निलंबित किया जाता है। इस निलंबन के बाद जडेजा के 6 नकारात्मक अंक उनके अनुशासन रिकॉर्ड में रहेंगे। अगर 24 महीने के अंदर जडेजा के नकारात्मक अंकों की कुल संख्या 8 पर पहुंचती है तो वे 4 निलंबन अंकों में बदल जाएंगे। 4 निलंबन अंक 2 टेस्ट या 4 वनडे या 4 टी20 अंतरराष्ट्रीय का प्रतिबंध के समान होते हैं। इनमें से जो भी खिलाड़ी पहले खेलेगा उससे उसे सस्पेंड कर दिया जाता है।

Latest Cricket News