भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली तीन वनडे मैच की सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोटिल हो गए हैं। प्रैक्टिस के दौरान उनके दाएं अंगूठे में चोट आई है जिसके बाद टीम इंडिया के फिजियो को उनके पास देखा गया। हालांकि अभी तक रोहित शर्मा की चोट पर कोई औपचारिक खबर नहीं आई है। बता दें, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 14 जनवरी को खेला जाना है।
उल्लेखनीय है, भारत ने हाल ही में श्रीलंका को 3 मैच की टी20 सीरीज में 2-0 से मात दी थी। इस सीरीज के लिए रोहित शर्मा को आराम दिया गया था जिसके बाद धवन और राहुल ने टीम इंडिया के लिए ओपन किया था। रोहित इस सीरीज से वापसी करने जा रहे थे, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि उनको वापसी के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा और इस सीरीज में भी धवन और राहुल ही टीम इंडिया के लिए सलामी बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दे सकते हैं।
रोहित शर्मा के लिए 2019 का साल बेहद ही शानदार रहा था। 2019 में रोहित ने सभी फॉर्मेट में मिलाकर कुल 47 मैच खेले जिसमें उन्होंने 53.08 की लाजवाब औसत से 2442 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने वनडे में 7 और टेस्ट में तीन शतक लगाए। 7 वनडे शतक में से 5 उन्होंने वर्ल्ड कप में लगाए थे। रोहित चाएंगे वो 2020 में भी अपनी फॉर्म को ऐसे ही जारी रखे।
Latest Cricket News