साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच बोलंद पार्क, पारल में तीन वनडे मैच की सीरीज का पहला मैच खेला गया। इस मैच में मेजबानों ने ऑस्ट्रेलिया को 74 रनों से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। साउथ अफ्रीका के लिए इस जीत के हीरो हेनरिक क्लासेन रहे। क्लासेन ने इस मैच में अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ते हुए नाबाद 123 रनों की धुआंधार पारी खेली।
साउथ अफ्रीका ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर निर्धारित 50 ओवर में 291 रन बनाए। क्लासेन के अलावा साउथ अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने 64 रन और काइल वेरिन ने 48 रन की शानदार पारी खेली। साउथ अफ्रीका की पारी के दौरान क्लासेन और मिलर के बीच में 149 रनों की साझेदारी भी हुई थी। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए जबकि स्टार्क को दो और हेजलवुड को एक विकेट मिला।
292 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 49 के स्कोर पर लुंगी एनगिडी ने दोनों ही सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (25) और एरोन फिंच (10) को पवेलियन भेज दिया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की राह कठिन हो गई थी। इसके बाद स्टीव स्मिथ (76) ने मिलकर मार्नस लाबुशेन (41) के साथ पारी को संभाला। जब यह दोनों बल्लेबाज क्रीज पर थे तो ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया इस मैच को निकाल सकता है, लेकिन इन दोनों के आउट होते ही ऑस्ट्रेलियाई पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
45.1 ओवर में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम मात्र 217 रनों पर ढेर हो गई। अफ्रीका की ओर से एनगिडी ने तीन विकेट चटकाए और शमशी-नॉर्टजे के खाते में दो-दो विकेट तो फेलुकवायु और महाराज को एक-एक विकेट मिला। इस तरह साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया पर 74 रनों से जीत दर्ज की।
Latest Cricket News