1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA vs ENG 2nd Test, Day 2 : तेज गेंदबाजों के दम पर इंग्लैंड का पलड़ा भारी, अफ्रीका 54 रन पीछे

SA vs ENG 2nd Test, Day 2 : तेज गेंदबाजों के दम पर इंग्लैंड का पलड़ा भारी, अफ्रीका 54 रन पीछे

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से केवल सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर (88) और रासी वान डर डुसेन (68) ही गेंदबाजों का डटकर सामना कर पाये।

South Africa vs England, England vs South Africa, Test match Series- India TV Hindi
Image Source : GETTY IMAGES SA vs ENG 2nd Test, Day 2 : England's weight is heavy on pace bowlers, Africa 54 runs behind

केपटाउन। अनुभवी तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्राड और जेम्स एंडरसन की अगुवाई में इंग्लैंड ने शनिवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपना पलड़ा भारी रखा। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 215 रन बनाये हैं और वह इंग्लैंड से अब भी 54 रन पीछे है जिसने अपनी पहली पारी में 269 रन बनाये थे।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से केवल सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर (88) और रासी वान डर डुसेन (68) ही गेंदबाजों का डटकर सामना कर पाये। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिये 117 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा क्विंटन डिकाक (20) और वर्नोन फिलैंडर (नाबाद 13) ही दोहरे अंक में पहुंच पाये हैं। 

इंग्लैंड की तरफ से एंडरसन ने 34 रन देकर तीन जबकि ब्राड और सैम कुरेन ने दो-दो विकेट हासिल किये हैं। एंडरसन ने केलविन एंड से नयी गेंद से दो विकेट लिये। तेज गेंदबाजों ने बाकी सभी विकेट दूसरे छोर से लिये। बेन स्टोक्स ने दूसरी स्लिप में चार कैच लिये जिनमें से तीन कैच उन्होंने डाइव लगाकर लिये। 

ब्रॉड ने पहले स्पैल में घातक गेंदबाजी की। उन्होंने पीटर मलान (पांच) और जुबैर हमजा (पांच) को पवेलियन की राह दिखायी जबकि एंडरसन ने छोर बदलने के बाद फाफ डुप्लेसिस (एक) का कीमती विकेट लिया। इन तीनों बल्लेबाजों ने स्लिप में कैच दिया।

वान डर डुसेन को भी एंडरसन की गेंद पर पगबाधा आउट दे दिया गया था लेकिन रिव्यू से पता चला कि गेंद ने उनके बल्ले का किनारा लिया था। इससे पहले इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 262 रन से आगे खेलना शुरू किया और वह अपने इस स्कोर में केवल सात रन ही जोड़ पाया। कैगिसो रबाडा ने एंडरसन को स्लिप में कैच कराया। ओली पोप 61 रन बनाकर नाबाद रहे।

Latest Cricket News