हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से ऑस्ट्रेलिया में मिली थी। इस मुकालात के बाद शेफाली ने कहा था कि सचिन तेंदुलकर से मिलकर उन्होंने अपने बचपन के सपने को पूरा कर लिया है। इस मुलाकात की तस्वीर शेफाली ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। जिस पर अब सचिन तेंदुलकर ने कमेंट कर शेफाली को शुभकामनाएं दी है।
सचिन ने लिखा "शेफाली आपसे मिलकर मुझे भी अच्छा लगा। मेरा आखिरी रणजी मैच देखने के लिए लाहली से यात्रा करने के बारे में सुनने के बाद आपको खेलते हुए देखना अच्छा लग रहा है। अपने सपनों का पीछा करते रहें क्योंकि सपने सच होते हैं। खेल का आनंद लें और हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दें।"
शेफाली ने जब सचिन के साथ मुलाकात की तस्वीर पोस्ट की थी तो उन्होंने लिखा था "सचिन सर की वजह से मैंने इस खेल को अपनाया। मेरा पूरा परिवार उन्हें ना सिर्फ अपना आदर्श मानते बल्कि उनकी पूजा भी करते हैं। आज का दिन मेरे लिए खास है, आप मैं अपने बचपन के हीरो से मिली। यह सपना सच होने जैसा है।"
सचिन के साथ शेफाली के इस पल की एक तस्वीर इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी डेनियल वाइट ने भी शेयर की थी। इस तस्वीर के साथ डेनियल ने लिखा "एक खुश बच्चा"
शेफाली ने 9 नवंबर 2019 को वेस्टइंडीज के सेंट लूसिया में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मैच में 49 गेंदों में तेजतर्रार 73 रनों की पारी खेली थी। इसी के साथ शेफाली महज 15 साल 285 दिनों में किसी अंतराष्ट्रीय मैच में अर्धशतक जड़ने वाली शेफाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई थी।
शेफाली ने अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे जल्दी फिफ्टी मारने के मामले में सचिन तेंदुलकर के 30 साल पुराने रिकॉर्ड को भी ध्वस्त किया था। शेफाली ने 15 साल 285 दिनों में पहली फिफ्टी मारी जबकि सचिन ने 16 साल 214 दिनों में पहली फिफ्टी मारी थी।
Latest Cricket News