A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान ने तोड़ा अंग्रेजों का ख्वाब, इंग्लैंड क्लीन स्वीप से चूका

पाकिस्तान ने तोड़ा अंग्रेजों का ख्वाब, इंग्लैंड क्लीन स्वीप से चूका

शोफिया गार्डन्स की पिच पर इंग्लैंड का पाक के खिलाफ वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करने का ख्वाब टूट गया। कार्डिफ में खेले गए पांचवें और अंतिम वनडे मैच में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हरा दिया।

अपनी पारी के दौरान...- India TV Hindi
अपनी पारी के दौरान शोएब मलिक। (फोटो: AP)

कार्डिफ: शोफिया गार्डन्स की पिच पर इंग्लैंड का पाक के खिलाफ वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करने का ख्वाब टूट गया। कार्डिफ में खेले गए पांचवें और अंतिम वनडे मैच में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इस हाई-स्कोरिंग मैच में पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद ने 90 रन की शानदार पारी खेल अपने देश को जीत दिला दी। इस तरह इंग्लैंड का अपनी जमीन पर पहली बार वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करने का सपना अधूरा रह गया। 

हालांकि इंग्लैंड यह सीरीज 4-1 से जीतने में कामयाब रहा। इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बैटिंग का न्यौता मिलने पर सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय (87) और ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (75) की फिफ्टी की मदद से 9 विकेट पर 302 रन बनाए। पाकिस्तान ने 303 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट 77 रन पर गंवा दिये थे लेकिन सरफराज और शोएब मलिक (77) ने चौथे विकेट के लिए 163 रन की साझेदारी करके टीम की जीत की उम्मीद जगा दी। बाद में मोहम्मद रिजवान ने 34 रन की नाबाद पारी खेली जिससे पाकिस्तान ने 48.2 ओवर में 6 विकेट पर 304 रन बनाकर मैच जीत लिया।

सरफराज और शोएब मलिक की साझेदारी इन दोनों टीमों के बीच चौथे विकेट के लिए नया रिकॉर्ड है। इससे पहले का रिकॉर्ड पाकिस्तान के ही रमीज राजा और सलीम मलिक के नाम पर था जिन्होंने 1989 में नागपुर में 122 रन जोड़े थे। सरफराज को मैन ऑफ द मैच और जो रूट को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

Latest Cricket News