मुंबई: आज बांग्लादेश दौरे पर जानी वाली टीम इंडिया का ऐलान किया जाएगा। संदीप पाटिल की अगुवाई में नेशनल सेलेक्शन कमेटी की बैठक दोपहर 12 बजे से मुंबई के क्रिकेट सेंटर में जारी है। जिसमें बांग्लादेश में खेले जाने वाली एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज़ के लिए टीम इंडिया का चयन किया जाएगा।
पहले जहां ख़बर थी कि इस दौरे के लिए चयनकर्ता महेंद्र सिंह धोनी को आराम दे सकते हैं वहीं अब ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दौरे पर वनडे टीम के लिए विराट कोहली को भी आराम दिया जा सकता है। हालांकि विराट इकलौते टेस्ट की कप्तानी कर सकते हैं जबकि सुरेश रैना को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है।
वहीं, चोटिल चल रहे तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी फिटनेस की वजह से बाहर बैठ सकते हैं जबकि आईपीएल से भी कई नए चेहरे बांग्लादेश दौरे पर जा सकते हैं।
टीम इंडिया को बांग्लादेश के खिलाफ 10 जून से इकलौता टेस्ट मैच और 18 जून से मीरपुर में शुरू होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज़ खेलनी है। आमतौर पर ज़्यादा अहम नहीं समझा जाने वाला बांग्लादेश दौरा टीम इंडिया के लिए इस लिहाज़ से भी चैलेंजिंग हो सकता है क्योंकि हाल ही में बांग्लादेश अपनी धरती पर पाकिस्तान को वनडे सीरीज़ में 3-0 से धूल चटा चुका है। टीम इंडिया 7 जून को बांग्लादेश पहुंचेगी।
Latest Cricket News