कराची: पीसीबी अध्यक्ष शहरयार खान ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज अगले महीने नहीं होने पर पूरे साल नहीं हो सकेगी। शहरयार ने कहा, समय पर सीरीज नहीं होने पर मुझे नहीं लगता कि यह अगले पूरे साल हो सकेगी क्योंकि दोनों टीमों की 2016 में अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताएं हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज और टी-20 विश्व कप दो अलग अलग बातें हैं।
शहरयार ने कहा, यह दो देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज और टी-20 विश्व कप आईसीसी का टूर्नामेंट है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि पीसीबी को मार्च में टी-20 विश्व कप के लिए टीम भारत भेजने के लिए सरकार से मंजूरी लेनी होगी। शहरयार ने कहा, हम हालात पर नजर रखे हुए हैं, लेकिन पाकिस्तान के मुताल्लिक भारत के मौजूदा माहौल में हमें सरकार से इजाजत लेनी होगी कि क्या हालात टीम को वहां भेजने के लिए महफूज हैं।
श्रीलंका में संक्षिप्त द्विपक्षीय सीरीज को लेकर भारत सरकार द्वारा अभी तक मंजूरी नहीं दिए जाने से शहरयार निराश दिखे। उन्होंने कहा, मुझे पता है कि सीरीज के आयोजन की मेरी कोशिशों को लेकर कुछ लोग मेरी आलोचना कर रहे हैं, लेकिन आखिर में हम इतना ही चाहते हैं कि या तो अभी यह सीरीज हो या हमें अगले एक साल इंतजार करना होगा। भारत को दोनों बोर्ड के बीच हुए एमओयू का सम्मान करना चाहिए।
शहरयार ने यह भी कहा कि भारत अगर सीरीज खेलने को राजी नहीं होता तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को आर्थिक नुकसान होगा, लेकिन वह दिवालिया नहीं हो जाएगा। उन्होंने कहा, अल्लाह के फजल से हमारी माली हालत अच्छी है। यह सीरीज नहीं होने से हमें नुकसान तो होगा, लेकिन इसके यह मायने नहीं है कि हम बिल्कुल तंगहाल हो जाएंगे। पीसीबी प्रमुख ने कहा कि उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी है और आईसीसी भी चाहती है कि सीरीज जल्दी हो। उन्होंने कहा, हम कुछ दिन और भारत के जवाब का इंतजार करेंगे जिसके बाद आगे बढ़ना होगा।
Latest Cricket News