A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मैं सिर्फ सकारात्मक संदेश देने की कोशिश कर रहा था: अफरीदी

मैं सिर्फ सकारात्मक संदेश देने की कोशिश कर रहा था: अफरीदी

शाहिद अफरीदी ने मामले को शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि उनका इरादा अपने देश को नीचा दिखाने का नहीं था और वह सिर्फ यहां प्रशंसकों का सम्मान करके सकारात्मक संदेश देने का प्रयास कर रहे थे।

shahid afridi- India TV Hindi
shahid afridi

कोलकाता: पाकिस्तान के क्रिकेटरों को भारत में अधिक प्यार मिलने का बयान देने के लिए अपने देश में लोगों के निशाने पर आए कप्तान शाहिद अफरीदी ने आज इस मामले को शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि उनका इरादा अपने देश को नीचा दिखाने का नहीं था और वह सिर्फ यहां प्रशंसकों का सम्मान करके सकारात्मक संदेश देने का प्रयास कर रहे थे।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने ट्विटर हैंडल पर आडियो बयान जारी किया है जिसमें अफरीदी ने कहा है कि वह ICC विश्व T-20 के लिए आने के बाद हुई प्रेस काफ्रेंस में पाकिस्तानी प्रशंसकों के अपमान की कोशिश नहीं कर रहे थे।

अफरीदी ने कहा, मैं सिर्फ पाकिस्तान क्रिकेट टीम का कप्तान नहीं हूं लेकिन मैं यहां पाकिस्तान के सभी लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और मुझे लगता है कि अगर कोई मेरे बयान को सकारात्मक रूप से देखता है जो जाहिर है कि मेरे कहने का मतलब यह नहीं था कि कोई मेरे लिए पाकिस्तानी प्रशंसकों से अधिक मायने रखता है। मेरी पूरी पहचान पाकिस्तान से है।

रविवार को दिए बयान के लिए पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने अफरीदी की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक करार दिया था। इसके लिए लाहौर में इस आलराउंडर को कानूनी नोटिस भी जारी किया गया है।

Latest Cricket News