नार्थ साउंड (एंटीगा): तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने लंच से पहले और बाद तीन रन के अंदर वेस्टइंडीज के मध्यक्रम के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में भारत का पलड़ा भारी कर दिया। वेस्टइंडीज ने लंच के बाद पहले घंटे का खेल समाप्त होने पर 59 ओवरों में पांच विकेट पर 120 रन बनाए हैं और वह अभी भारत से 446 रन पीछे हैं। उसे फालोआन बचाने के लिए 367 रन तक पहुंचना होगा लेकिन अभी उसके लिए यह नामुमकिन लग रहा है। सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्रेथवेट (नाबाद 61) ने एक छोर संभाले रखा है। उनके साथ दूसरे छोर खड़े रोस्टन चेज ने 14 रन बनाए हैं। चेज का यह पहला टेस्ट मैच है।
शमी बेजान पिच पर भी अतिरिक्त उछाल हासिल करने में सफल रहे जिससे उन्होंने बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। डेढ साल बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे इस तेज गेंदबाज ने कल राजेंद्र चंद्रिका (16) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलायी थी। उन्होंने शनिवार को लंच से ठीक पहले डेरेन ब्रावो (11) को पवेलियन भेजा और लंच के तुरंत बाद मर्लोन सैमुअल्स और (एक) और जेरमाइन ब्लैकवुड (00) को आउट करके वेस्टइंडीज के मध्यक्रम को झकझोर दिया।
अपना 13वां टेस्ट मैच खेल रहे शमी ने अब तक 35 रन देकर चार विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट मैचों में 50 विकेट भी पूरे किए। लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने नाइटवाचमैन देवेंद्र बिशू (12) को आउट करके सुबह के सत्र में भारत को पहली सफलता दिलाई थी। शमी ने लंच के बाद चौथे ओवर में दो विकेट लिए। सैमुअल्स ने उनकी अच्छी उछाल लेती गेंद को कदमों का इस्तेमाल किए बिना खेलनी चाही लेकिन वह बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के पास चली गई। उन्होंने इसी ओवर में नए बल्लेबाज ब्लैकवुड को अतिरिक्त उछाल लेती गेंद पर अंजिक्य रहाणे को कैच देने के लिए मजबूर किया जिससे वेस्टइंडीज का स्कोर पांच विकेट पर 92 रन हो गया।
Latest Cricket News