शरजाह: शरजाह क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को शुरू हुए तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन जेम्स एंडरसन (17/4) की अगुवाई में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पहली पारी 234 रनों पर समेट दी। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने बिना कोई विकेट गंवाए चार रन भी बना लिए हैं।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए कप्तान मिस्बाह उल हक (71) ही कुछ हद तक संघर्ष कर सके। मिस्बाह ने लगातार चौथी पारी में अर्धशतक लगाया है।
पाकिस्तान का पहला विकेट अजहर अली के रूप में पांच रन के कुल योग पर ही गिर गया। वह खाता खोले बगैर एंडरसन की गेंद विकेटकीपर के हाथों में थमा पवेलियन लौटे।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी दूसरे छोर से बेहद कसी हुई गेंदबाजी की। ब्रॉड ने 13 ओवर की अपनी गेंदबाजी में आठ मेडन ओवर फेंके और कुल 13 रन देते हुए दो विकेट चटकाए।
मोहम्मद हफीज (27), शोएब मलिक (38), यूनिस खान (31) और सरफराज अहमद (39) ने छोटी-छोटी अहम पारियां खेलीं।
एंडरसन और ब्रॉड के अलावा मोइन अली और समित पटेल ने भी दो-दो विकेट चटकाए। तीन मैचों की श्रृंखला का यह आखिरी मैच है और पाकिस्तान 1-0 से आगे चल रहा है।
Latest Cricket News