विजय हजारे ट्रॉफी : महाराष्ट्र के खिलाफ धवन ने बनाए 153 रन, दिल्ली ने हासिल किया 329 रन का लक्ष्य
विजय हजारे ट्रॉफी : महाराष्ट्र के खिलाफ धवन ने बनाए 153 रन, दिल्ली ने हासिल किया 329 रन का लक्ष्य
Bhasha
Published : Feb 27, 2021 07:04 pm IST, Updated : Feb 27, 2021 07:04 pm IST
धवन (153) के शानदार शतकीय पारी के दम पर दिल्ली ने विजय हजारे ट्रॉफी के राउंड-4 एलीट ग्रुप-डी मैच में महाराष्ट्र को तीन विकेट से हरा दिया।
Image Source : TWITTER/@BCCIDOMESTICShikhar Dhawan scored 153 runs against Maharashtra, Delhi achieved the target of 329 runs Vijay Hazare Trophy:
जयपुर। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (153) के शानदार शतकीय पारी के दम पर दिल्ली ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार को खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के राउंड-4 एलीट ग्रुप-डी मैच में महाराष्ट्र को तीन विकेट से हरा दिया। दिल्ली की 4 मैचों में यह लगातार तीसरी जीत है और वह 12 अंकों के साथ ग्रुप-डी में दूसरे नंबर पर है।
महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 328 रनों का स्कोर बनाया। टीम के लिए केदार जाधव ने 86, अजीम काजी ने 91, यश नाहर ने 45, विशांत मोरे ने 24 और राहुल त्रिपाठी ने 23 रनों का योगदान दिया।
दिल्ली की ओर से ललित यादव ने तीन विकेट, कप्तान सांगवान ने दो और कुलवंत खेजरोलिया तथा सिमरजीत सिंह ने एक-एक विकेट लिए।
दिल्ली ने महाराष्ट्र से मिले 329 रनों के लक्ष्य को चार गेंद शेष रहते सात विकेट खोकर हासिल कर लिया। शिखर ने 118 गेंदों पर 21 चौके और एक छक्के के सहारे 153 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।
उनके अलावा ध्रुव शौरी ने 75 गेंदों पर सात चौकों की बदौलत 61 रनों का योगदान दिया। वहीं, क्षितिज शर्मा ने 36, नीतीश राणा ने 27 और ललित यादव ने नाबाद 18 रन बनाए।
महाराष्ट्र की ओर से सत्यजीत बाचव ने तीन और काजी, मुकेश चौधरी तथा प्रदीप ने एक-एक विकेट लिए।