नई दिल्ली: बीसीसीआई के पूर्व प्रमुख एन. श्रीनिवासन को लेकर चौंकाने वाले खुलासा हुआ है। उनके बेटे अश्विन ने आरोप लगाया है कि पिता वंश बढ़ाने के लिए उसकी शादी जबरन एक महिला से कराना चाहते हैं। मालूम हो अश्विन समलैंगिक यानी गे है।
श्रीनिवासन के परिवार में यह विवाद बीते सालों से चल रहा है। 21 मई 2012 को एक अंग्रेजी अखबार ने पहले पेज पर इस खबर को प्रकाशित किया था। बताया गया था कि किस तरह क्रिकेट की दुनिया पर राज करने वाले श्रीनिवासन अपने बेटे और उसके गे पार्टनर अवि मुखर्जी को परेशान कर रहे हैं। श्रीनिवासन चाहते हैं कि उनकी बेटे की यह "बीमारी" दूर हो जाए।
अब अश्विन ने अंग्रेजी अखबार को बताया है कि उसे और उसके पार्टनर को चेन्नई स्थित पिता के निवास के पास कैद रखा जा रहा है। खास बात यह भी है कि इससे ठीक पहले अश्विन ने अपने बहनोई गुरुनाथ मयप्पन के चेन्नई और दुबई के सटोरियों से संबंध होने का खुलासा किया था।
अश्विन का कहना है, मैं अपने पार्टनर से साथ जिंदगी बिताना चाहता हूं। पिता मुझे परिवार की संपत्ति में से हिस्सा दे दें और मुझे अपने हाल पर छोड़ दें, लेकिन हमें मर्जी के खिलाफ कैद करके रखा जा रहा है। पिता चाहते हैं कि मैं अवि से संबंध तोड़ लूं और एक महिला से शादी कर लूं ताकि बच्चे पैदा करके वंश आगे बढ़ा सकूं।
अपने आरोप को साबित करने के लिए अश्विन ने श्रीनिवासन के हाथ से लिखे छह लेटर भी अंग्रेजी अखबार को उपलब्ध कराए हैं। अखबार का दावा है कि 2007 से 2008 के बीच लिखे गए ये पत्र अश्विन के दावे को सही साबित करते हैं।
20 जून 2007 को भेजे पत्र में श्रीनिवासन ने लिखा है कि एश (अश्विन) तुम मेरे इकलौते बेटे हो। मैं और तुम्हारी मां, दोनों तुमसे बहुत प्यार करते हैं। तुम्हें पता है मेरी तुमसे क्या उम्मीदें हैं। मेरी सलाह है कि तुम खुद की मदद करने के लिए कुछ कदम उठाओ। मैंने कड़ी मेहनत से पैसा कमाया है। तुम हमारी आशॅाओ पर पानी मत फेरो।
Latest Cricket News