हरारे: श्रीलंका ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर खेले गए ट्रायंगुलर सीरीज के पहले मैच में सोमवार को मेजबान जिम्बाब्वे को आसान मुकाबले में 8 विकेट से हरा दिया। श्रीलंका ने टॉस जीत कर मेजबानों को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया और उन्हें 41.3 ओवरों में महज 154 रनों पर ही ढेर कर दिया। मामूली से लक्ष्य को श्रीलंका ने 24.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के लिए धनंजय डि सिल्वा ने सर्वाधिक नाबाद 78 रनों का योगदान दिया। डी सिल्वा ने कुशल परेरा (21) के साथ पारी का आगाज किया और पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। परेरा को चामु चिबाबा ने सिकंदर रजा के हाथों कैच कराया। 75 गेंदों में 12 चौकों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेलने वाले डि सिल्वा ने निरोशन डिगवेला (41) के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की। मेहमानों को जब जीत के लिए 15 रनों की दरकार थी तभी डिगवेला, तिनाशे पानयंगारा का शिकार हुए। कुशल मेंडिस (नाबाद 12) ने डी सिल्वा के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले, खेलने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने 50 रनों पर ही अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि मेजबान टीम सौ के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाएगी। लेकिन, पीटर मूर (47) और कप्तान ग्रेम क्रेमर (नाबाद 31) ने सातवें विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर सौ के पार पहुंचाया। 105 के कुल योग पर मूर पवेलियन लौट गए। कप्तान ने इसके बाद डोनाल्ड त्रिरिपानो (19) के साथ आठवें विकेट के लिए 31 रन जोड़े टीम को राहत की सांस दी। श्रीलंका की तरफ से अपना पहला मैच खेल रहे असेला गुणारत्ने ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। उनके अलावा नुवान कुलासेकरा, सुरंगा लकमल और नुवान प्रदीप ने 2-2 विकेट लिए। सचिथा पथिराना को एक विकेट मिला।
Latest Cricket News